Bihar : मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के 16 दिनों के बाद आज जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सीएम हाउस छोड़ दिया है। उनका सारा सामान पहले ही नए बंगले में शिफ्ट हो चुका था। आज गृह प्रवेश हुआ।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने एक अणे मार्ग आवास खाली कर दिया है। मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद से ही नीतीश कुमार का सामान धीरे-धीरे 7 सर्कुलर रोड में जा रहा था। आज नीतीश कुमार यहां गृह प्रवेश कर रहे हैं। वह नए आवास में पहुंच चुके हैं। वह अब सात, सर्कुलर रोड स्थित अपने नए सरकारी आवास पर ही रहेंगे। उन्होंने अपनी निगरानी में ही इसे तैयार करवाया है। पहले सीएम ऑफिस के रूप में इस बंगले का उपयोग किया जा रहा था। अब सीएम हाउस छोड़ने के बाद यही बंगला नीतीश कुमार का नया ठिकाना बना है। वहीं मुख्यमंत्री आवास में अब सम्राट चौधरी रहेंगे। अब मुख्यमंत्री आवास को नए कम सम्राट चौधरी के हिसाब से तैयार कराया जाएगा और मलमास से पहले वह यहां गृह प्रवेश कर रहने लगेंगे।
अब नीतीश कुमार का नया ठिकाना 7 सर्कुलर रोड, 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास से महज 100 मीटर की परिधि में है। नीतीश कुमार का यह बंगला आधुनिक तकनीक से भूकंपरोधी बनाया गया है। उनके बंगले में दो बड़े ड्राइंग रूम, छह वीआइपी बेडरूम और एक बड़ा सा मीटिंग हॉल है। इसके अलावा कैंपस में आकर्षक घास लगवाए गए हैं। कैंपस में एक छोटा तालाब भी है। नीतीश कुमार के इस बंगले में वेटिंग हॉल और मीटिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है।
अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में शिफ्ट होंगे, लेकिन उनके प्रवेश करने की तारीख अभी तय नहीं हुई है। हालांकि बताया जा रहा है कि वह मलेमास के शुरू होने के पहले मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में अपना गृह प्रवेश करेंगे। इससे पहले वहां एक बार फिर से पूरी सफाई और रंग-रोगन किया जाएगा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निजी सामान को ट्रैक्टर के जरिए नए आवास 7 सर्कुलर रोड तक पहुंचाया गया और बंगले को फूलों से सजाने के बाद विधिवत गृह प्रवेश किया गया।