पुलिस ने दोनों की लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) टोल टैक्स बढ़ाने में लगा है, लेकिन टोल रोड में जान लेकर भागने वाली गाड़ियों को पकड़ने तक का सिस्टम इसके पास आज भी नहीं बना है। पटना-बख्तियारपुर फोर लेन टोल रोड पर खुसरूपुर में गुरुवार को दोपहर बाद पांच साल के भतीजे को स्कूल से लेकर लौट रहे चाचा की बाइक को हाइवा ने ऐसी टक्कर मारी कि दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर टोल रोड से भी हाइवा लेकर आसानी से भाग गया।
हादसे के बाद हंगामा करने लगे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि खुसरूपुर निवासी शिवम कुमार (25) अपने भतीजा मुक्कू (5) को बाइक से लेकर स्कूल से वापस अपने गांव मोदीपुर लौट रहा था। इसी क्रम में तेज रफ्तार हाइवा (ट्रक) चाचा भतीजा को कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ही चाचा शिवम कुमार एवं भतीजा मुक्कू की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग लेकर हंगामा करने लगे।
काफी देर तक बाधित रहा आवागमन
घटना के बाद काफी देर तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना खुसरूपुर थाने को दी। इधर सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना के दारोगा राघवेंद्र झा मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना के NMCH भेज दिया। मामले पर दारोगा राघवेंद्र झा ने बताया कि पुलिस हर पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। ट्रक चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेजों को भी खंगाला जा रहा है। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करे।