रोते बिलखते परिजन और मृतका की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के मीरा झा रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में रविवार देर रात डॉक्टर की लापरवाही से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। महिला ने कुछ ही देर पहले एक बच्चे को जन्म दिया था। मृतका की पहचान पैनाठी गांव निवासी संतोष कुमार की 25 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, क्लिनिक के डॉक्टर और सभी कर्मी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी की शादी दो साल पहले संतोष कुमार से हुई थी। यह उसका पहला बच्चा था। रविवार शाम उसे प्रसव पीड़ा हुई तो परिवारवालों ने सबसे पहले उसे बिहटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। लेकिन परिवारजन पटना न जाकर मीरा झा रोड स्थित महावीर सेवा सदन क्लिनिक में उसे ले आए। वहां डॉक्टर राजीव कुमार ने बड़े ऑपरेशन (सी-सेक्शन) के ज़रिए बच्चे का जन्म कराया। ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
पढे़ं: सिमरियाधाम में 7 अक्तूबर से शुरू होगा कल्पवास मेला, जुटने लगे कल्पवासी
मृतका के पति संतोष कुमार ने बताया कि हमने पत्नी को महावीर सेवा सदन में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के बाद पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया और हमने बच्चे को देखा भी। लेकिन डॉक्टर ने पत्नी से मिलने नहीं दिया और कहा कि तबीयत खराब है, और पैसे लगेंगे। मैं पैसा लाने घर गया। इसी बीच डॉक्टर ने अचानक उसे पटना रेफर कर दिया। जब तक हम पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी। क्लिनिक की लापरवाही से मेरी पत्नी की जान गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही डॉक्टर और स्टाफ फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।