Patna University: छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस लगातार पटना विश्वविद्यालय हॉस्टल में पेट्रोलिंग कर रही है। किसी ने पुलिस को हॉस्टल में चल रही पार्टी की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी मारी की तो आठ छात्र रंगेहाथ पकड़े गए। जानिए पूरा मामला
पटना विश्वविद्यालय के छात्रावास एक बार फिर से सुर्खियों में है। कारण है यहां के आठ छात्रों की गिरफ्तारी। आरोप है आठों छात्र शराब के नशे में पकड़े गए। पटना पुलिस ने छापेमारी कर इन्हें मिंटो हॉस्टल कैंपस से गिरफ्तार किया। छात्रसंघ चुनाव से पहले पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई से विश्वविद्यालय कैंपस में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, पीरबहोर थाना क्षेत्र के अलग-अलग छात्रावासों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। छात्रसंघ चुनाव को देखते हुए पटना पुलिस अधीक्षक (मध्य) भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मिंटो छात्रावास में छापेमारी कर आठ छात्रों को नशे की हालत में पकड़ा गया।
विज्ञापन
बम कांड से भी जुड़ा हुआ है तार
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार छात्रों का संबंध पीरबहोर थाना में दर्ज बम कांड से भी जुड़ा हुआ है। इस मामले में विस्फोटक अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी बुलाया गया था। सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
विवि परिसर की सुरक्षा कर की गई
छात्रसंघ चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से सभी छात्रावासों में लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए तीन दिनों से चल रही नामांकन प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। सेंट्रल पैनल के पांच पदों के लिए कुल 51 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।