Nitin Navin : भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा नेता नितिन नवीन ने अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को आज पहला टास्क दिया। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पंचायत निकाय चुनाव होना है, जिसमें हम सबको अभी से ही लग जाना होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का बिहार की राजधानी पटना में अभिनंदन किया गया। इस दौरान एक भव्य रोड शो भी किया गया, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। रोड शो पटना हवाई अड्डा से शुरू होकर पटना के मिलर हाई स्कूल के कैंपस में समाप्त हुआ जहां भाजपा ने विशाल कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक टास्क भी दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा को एक बहुत बड़ा मैंडेट दिया है। इस वजह से उस जनता के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। इसलिए सरकार की उपलब्धियों को नीचे धरातल तक ले जाने के साथ-साथ जनता से जुड़कर हमें काम करना पड़ेगा। जनता ने जिस अपेक्षा से हमें वोट दिया है हमें उनके अपेक्षाओं पर खरा उतरने का समय आ गया है। हमें सरकार की योजनाओं को जनता तक ले जाना होगा और फिर उसे धरातल पर उनके अनुसार काम करना होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का सपना है कि पंचायत से पार्लियामेंट तक भगवा लहराए। उन्होंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि नरेंद्र मोदी का सपना है कि एक लाख से अधिक युवा नेतृत्व निकाला जाय। और यह तभी होगा जब एक लाख से अधिक हमारे युवा नेतृत्व पंचायत से पार्लियामेंट तक आगे बढ़ेंगे। आने वाले समय में पंचायत में और नगर निकाय में चुनाव होने हैं, इसलिए मैं सभी कार्यकर्ताओं को आगाह करता हूं कि अगर नेतृत्वकर्ता बनना है तो अपने-अपने क्षेत्र में जाइए और जनता से जुड़कर काम कीजिए। जनता की समस्याओं में खरा उतरिये। नितिन नवीन ने कहा कि जब आप ऐसा कीजिएगा तभी आप निश्चित रूप से आप में से कोई वार्ड काउंसलर बनेगा, कोई मुखिया बनेगा और कोई भविष्य का नेतृत्वकर्ता बनेगा। पंचायत निकाय चुनाव में हम सबको अभी से ही लग जाना होगा. तभी निश्चित रूप से यह चुनाव बदलते हुए बिहार की एक नई तस्वीर प्रदान करेगा। नितिन नवीन ने कहा कि अगर पंचायत और निकाय स्तर पर अगर अच्छा नेतृत्व खड़ा कर देंगे तो 2047 का बिहार भी विकसित बिहार बनकर उभरेगा।