बिहार की नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) ने बिजली वितरण के क्षेत्र में देशभर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पुरस्कार हासिल किया है। ऑल इंडिया डिस्कॉम एसोसिएशन (एआईडीए) ने ‘डिजिटल पेमेंट में उपभोक्ता संतुष्टि में सुधार’ श्रेणी में एनबीपीडीसीएल को यह सम्मान प्रदान किया है।
नई दिल्ली में ईडीआईकॉन 2026 के दौरान सम्मान
बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रिब्यूशन इंडस्ट्री कॉन्फ्रेंस (EDICON) 2026 के दौरान केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह को यह पुरस्कार प्रदान किया।
केंद्रीय मंत्री ने की ऊर्जा विभाग की सराहना
इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत मंत्री ने एटी एंड सी हानि में उल्लेखनीय कमी और वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति में सुधार के लिए बिहार के ऊर्जा विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्युत वितरण कंपनियां नागरिकों तक सेवाएं पहुंचाने का सबसे अहम माध्यम हैं, इसलिए उपभोक्ता संतुष्टि और डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
स्मार्ट मीटर और डेटा विश्लेषण पर जोर
कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘स्मार्ट मीटर और डेटा विश्लेषण का प्रभावी उपयोग’ सत्र को संबोधित करते हुए ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर से प्राप्त डेटा का विश्लेषण संचालन क्षमता मजबूत करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने में सहायक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
घाटे से मुनाफे तक का सफर
ऊर्जा सचिव ने कहा कि वर्ष 2021 में राज्य की दोनों वितरण कंपनियां घाटे में थीं, लेकिन निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति, स्मार्ट मीटर अधिष्ठापन, डिजिटल भुगतान में सुधार और उपभोक्ता सेवाओं पर फोकस के कारण वर्ष 2025 में दोनों कंपनियों ने लाभ दर्ज किया। उन्होंने यह भी बताया कि इंटीग्रेटेड पोर्टल के माध्यम से डेटा विश्लेषण कर एटी एंड सी नुकसान को 10 फीसदी तक कम करने का लक्ष्य रखा गया है।
एनबीपीडीसीएल प्रबंधन की प्रतिक्रिया
कंपनी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि डिजिटल सशक्तिकरण, पारदर्शिता और उपभोक्ता-केंद्रित सेवाओं के प्रति बिहार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने इसे राज्य के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बेहतर और भरोसेमंद सेवा का प्रतीक बताया।
पढ़ें- Bihar: CM नीतीश शुरू करा रहे थे चीनी मिल, अफसरों ने बेची जमीन; गन्ना उद्योग मंत्री ने क्या कहा? MLA का लेटर...
ग्रामीण उपभोक्ताओं तक डिजिटल सुविधा
एनबीपीडीसीएल बिहार में लगभग 1.34 करोड़ उपभोक्ताओं को बिजली सेवा देती है, जिनमें करीब 85 फीसदी ग्रामीण हैं। कंपनी ने भारत बिल पेमेंट सिस्टम बैंक, वसुधा केंद्र, मोबाइल एप, विभिन्न पेमेंट गेटवे और ई-वॉलेट आधारित डोर-स्टेप भुगतान जैसी सुविधाओं के साथ मल्टी-चैनल डिजिटल भुगतान व्यवस्था विकसित की है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के बाद 95 फीसदी से अधिक प्रीपेड शुल्क डिजिटल माध्यम से वसूला जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और उपभोक्ताओं की संतुष्टि में वृद्धि हुई।
समारोह में एनबीपीडीसीएल की ओर से जयंत कुमार दूबे, मो. अजमत हुसैन, सिद्धार्थ वर्धन और दीपक कुमार उपस्थित थे। वहीं साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी की ओर से पुरुषोत्तम प्रसाद, भूपेंद्र उमराव और सुमित कुमार ने भाग लिया।