बिहार सरकार ने राज्य के मछली चारा उत्पादकों को बड़ी राहत दी है। अब फिश फीड मिल संचालकों को बिजली बिल पर वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके लिए पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग ने “फिश फीड मिल विद्युत सहायता योजना 2025-26” शुरू की है। फिश फीड मिल संचालक इस योजना का लाभ पाने के लिए विभाग की वेबसाइट https://fisheries.bihar.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस योजना के तहत फिश फीड उत्पादन में खपत होने वाली बिजली पर तीन रुपये प्रति यूनिट की दर से सहायता मिलेगी। अधिकतम दो लाख रुपये प्रति माह और 24 लाख रुपये प्रति वर्ष तक की छूट दी जाएगी। यह मदद सिर्फ मासिक खपत यूनिट के आधार पर बने बिजली बिल पर मिलेगी, जिसमें फिक्स्ड चार्ज और अन्य शुल्क शामिल नहीं होंगे।
पढ़ें; मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद में बुजुर्ग मां की हत्या का आरोप, बेटों के बीच बंटवारे को लेकर तनाव
योजना से प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत स्थापित 53 फिश फीड मिलों को फायदा होगा। दो टन, आठ टन, बीस टन और सौ टन प्रतिदिन उत्पादन क्षमता वाले निजी फीड मिल संचालक इसका लाभ उठा पाएंगे। जो मिलें 31 मार्च 2025 तक शुरू हो चुकी होंगी, वे भी योजना का हिस्सा बनेंगी।
आवेदन करने वालों को फिश फीड मिल का पोस्टकार्ड साइज फोटो आवेदन पत्र के साथ लगाना होगा। इसके अलावा मोबाइल नंबर, बैंक खाता संख्या, बैंक शाखा का नाम और आईएफएससी कोड अंकित करना अनिवार्य होगा। लाभार्थियों का चयन उप मत्स्य निदेशक की अध्यक्षता वाली समिति करेगी। इस योजना की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://state.bihar.gov.in/ahdCitizenHome.html पर उपलब्ध है।