पटना मोकामा थाना क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर संचालिका पर हुए तेजाब हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग के शक में रची गई इस साजिश में पीड़िता के साथ मौजूद दो महिलाओं की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। एसडीपीओ-1 बाढ़ आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर मोकामा थाना में कांड संख्या 476/25 दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना को अंजाम दिलाने में नीतू देवी और सुमन देवी की अहम भूमिका रही।
पीड़िता के बीच अवैध संबंध होने का शक था
पुलिस के अनुसार, नीतू देवी को अपने पति कुंदन मिश्रा और पीड़िता के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। बदले की भावना से नीतू देवी ने सुमन देवी के साथ मिलकर पीड़िता पर तेजाब फेंकने की साजिश रची और बाढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मद अहसान को सुपारी दी। घटना के दिन दोनों महिलाओं ने चाट खिलाने के बहाने पीड़िता को सुनसान रास्ते से ले गईं। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने पीड़िता की पहचान की। इसके बाद तेजाब फेंककर फरार हो गए।
Nitin Nabin: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर बोला हमला, कहा- विदेश जाते ही देश की शिकायत करने लगे
नीतू देवी और अहसान के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई
सीडीआर जांच में नीतू देवी और अहसान के बीच लगातार संपर्क की पुष्टि हुई है। छापेमारी के दौरान नीतू देवी के घर से 97 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह राशि घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी को देने के लिए रखी गई थी। वहीं अहसान के घर से तेजाब से जला कपड़ा और एक शीशे की बोतल बरामद की गई है। सभी बरामद साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेजा जा रहा है।