Khan Sir News: पटना में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने वाले शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग के बाहर फायरिंग की घटना के बाद उन्होंने आज पढ़ाने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन ने दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
चर्चित यूट्यूबर और शिक्षक खान सर ने आज अपने कोचिंग में पढ़ाने से इनकार कर दिया है। उन्होंने बुधवार सुबह घोषणा की है कि आज वह क्लास नहीं ले पाएंगे। आज पढ़ाई नहीं होगी। आपलोग शांति बनाएं रखें। पुलिस से अपील है कि वह जल्द से जल्द कार्रवाई करे। खान सर ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए पूरी रात बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। उन्होंने कहा कि अब तक की पुलिस कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि उनकी सुरक्षा के लिए पूरी रात 50 से 60 पुलिसकर्मी तैनात रहे। सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए मैं प्रशासन का धन्यवाद करता हूं।
विज्ञापन
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
खान सर के कोचिंग के बाहर असामाजिक तत्वों की ओर से किए गए हमले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ नकाबपोश युवक गार्ड को पीटते दिख रहे हैं। युवक गार्ड को खींच कर सड़क की ओर ले गए। उसे बेरहमी से पीटा। इसके बाद युवक वापस कोचिंग के पास आए। बैनर और पोस्टर को फाड़ दिया। इतना ही नहीं युवकों ने ईंट-पत्थर से हमला भी कर दिया।
खान सर ने फायरिंग के बाद क्या कहा था?
बता दें कि दो जून की रात पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्थित खान सर की कोचिंग के पास अचानक फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। आपसी रंजिश और मामूली विवाद के बाद हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई थी। खान सर ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं? जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे।
जानिए पटना पुलिस ने क्या कहा?
घटना को लेकर एसपी सिटी दीक्षा ने कहा है कि मामले में शामिल लोग सड़क के दूसरी ओर स्थित एक कोचिंग संस्थान से जुड़े प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। शिकायतें दर्ज की जा रही हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सभी वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। एसपी सिटी ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है। अब तक 10 से 12 लोगों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
Bihar News : खान सर की कोचिंग के पास फायरिंग से हड़कंप, गार्ड घायल; वारदात की जांच में जुटी पटना पुलिस