फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, मौत बनी रहस्य; मची सनसनी

Wed, 03 Jun 2026 09:38 AM IST
पटना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नालंदा

सार

नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र में माहुरी हॉल्ट के पास बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड पर 27 वर्षीय अजय कुमार प्रसाद का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक भोजपुर जिले के आरा का रहने वाला था और दिल्ली में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता था।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र में माहुरी हॉल्ट के पास बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के आरा निवासी 27 वर्षीय अजय कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। युवक दिल्ली में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही परिजनों से उसकी बातचीत हुई थी। ऐसे में उसका अचानक नालंदा पहुंचना और फिर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव

माहुरी हॉल्ट के समीप बख्तियारपुर-राजगीर रेलखंड पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान भोजपुर (आरा) जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र के छीने गांव निवासी रंजन प्रसाद के 27 वर्षीय पुत्र अजय कुमार प्रसाद के रूप में की गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

दिल्ली में करता था मजदूरी, मौत बनी रहस्य

परिजनों के अनुसार अजय कुमार प्रसाद दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करता था। वह पिछले करीब पांच महीनों से दिल्ली में ही रह रहा था। अजय की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र पांच वर्ष और तीन वर्ष बताई जा रही है।

मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अजय से परिवार की आखिरी बातचीत 26 या 27 मई को हुई थी। उस दौरान अजय ने बताया था कि कंपनी से छुट्टी नहीं मिलने के कारण वह अपने भांजे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएगा।

परिजनों का कहना है कि जब अजय ने छुट्टी न मिलने की बात कही थी, तो फिर वह अचानक आरा के बजाय नालंदा कैसे पहुंच गया, यह अब भी एक बड़ी पहेली बनी हुई है। देर रात सिलाव पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग बदहवास हालत में आरा से नालंदा पहुंचे।

जेब में मिले पहचान पत्र से हुई शिनाख्त

सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में था। पुलिस ने जब मृतक की जेब की तलाशी ली तो उसमें मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान अजय कुमार प्रसाद के रूप में की गई। इसके बाद तत्काल परिजनों को फोन पर सूचना दी गई।

ट्रेन से गिरने की आशंका, हर पहलू की जांच

थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल और शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया मामला चलती ट्रेन से गिरकर मौत होने का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- Bihar News: रिशुश्री केस में 15 कंपनियों की कुंडली खंगालने में जुटी सरकारी एजेंसियां, जानिए पूरा मामला

पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अजय किन परिस्थितियों में इस रेल मार्ग पर सफर कर रहा था और उसकी नालंदा पहुंचने की वजह क्या थी।

परिवार के सामने कई सवाल

अजय की अचानक मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। दिल्ली में नौकरी करने वाला युवक नालंदा कैसे पहुंचा, वह किस ट्रेन से सफर कर रहा था और हादसा था या कुछ और, इन सवालों के जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें