फतुहा रेल थाना प्रभारी गनौरी दास की निगरानी में महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद जीआरपी ने ई-रिक्शा कि मदद से उसे उपचार के लिए फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करा दिया है। जहां पर बच्चा व जच्चा दोनों सुरक्षित हैं। दरअसल रेल थाना प्रभारी गनौरी दास को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 03267 क्यूल- पटना मेमू स्पेशल ट्रेन में बैठकर एक महिला अपने पति और एक बच्चे के साथ खुसरूपुर से गुलजरबाग एनएमसीएच पटना के लिए सफर कर रही है, जो गर्भवती है और महिला को प्रसव पीड़ा तेज हो रही है।
सूचना मिलते ही जीआरपी के ज्योति कुमारी, रूबी कुमारी, मनोज कुमार की टीम सतर्क हो गई और ट्रेन रुकते ही महिला से सम्पर्क किया। महिला को जैसे ही अस्पताल में भेजने के लिए सम्पर्क किया तो महिला ने फतुहा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2–3 पर जीआरपी महिला स्टॉफ की निगरानी में एक सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया।
बच्चे के जन्म होने के बाद पुलिस ने महिला से उसकी जानकारी मांगी तो महिला ने अपना नाम खुसरूपुर थाना क्षेत्र के निमतल निवासी सुधीर कुमार की पत्नी शिल्पी कुमारी के रूप में दी। इसके बाद स्टाफ ने ई-रिक्शा के सहयोग से दोनों को फतुहा अस्पताल में भर्ती करा दिया। जहां महिला का इलाज चल रहा है।