पुलिस ने नशेड़ी को हिरासत में लिया
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में 2016 से लागू शराबबंदी कानून का माखौल उड़ाते हुए नालंदा जिले के बिहार शरीफ में शुक्रवार को एक नाटकीय घटना घटी। शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अस्पताल चौक पर हाई-वोल्टेज ड्रामा किया। इससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई और शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता पर एक बार फिर सवाल उठ खड़ा हुआ।
शराबी ने सड़क पर मचाया हंगामा
जानकारी के मुताबिक, शाम को एक व्यक्ति साइकिल पर अस्पताल चौक पहुंचा और नशे में धुत होकर सड़क के बीचों-बीच लेट गया। चश्मदीदों ने बताया कि वह कभी गाड़ियों के सामने लेटता, तो कभी फिल्मी गाने गाता रहा। उसकी हरकतों से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों का जमावड़ा लग गया। इसके बाद मौके पर तैनात डायल 112 की पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई कर शराबी को हिरासत में ले लिया। पुलिस को उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि वह ‘तेरे इश्क में मैं जोगी हो गया’ गाने गाते हुए नाटकीय हरकतें कर रहा था।
लहेरी थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उसकी पहचान और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने शराब कहां से खरीदी। घटना उस समय हुई है जब बिहार सरकार शराबबंदी के सख्त क्रियान्वयन का दावा कर रही है। हालांकि, ऐसी घटनाएं यह स्पष्ट करती हैं कि कानून को जमीन पर लागू करना अभी भी एक बड़ी चुनौती है।
जनता की प्रतिक्रिया
स्थानीय निवासियों ने इस घटना को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ ने सरकार की शराबबंदी नीति की आलोचना करते हुए इसे व्यर्थ प्रयास कहा। जबकि अन्य ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की। बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद, राज्य के विभिन्न हिस्सों से शराब तस्करी और नशे की घटनाएं सामने आती रहती हैं। यह घटना एक बार फिर राज्य की शराबबंदी नीति के क्रियान्वयन की खामियों को उजागर करती है।