जदयू नेता नीरज कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विधान सभा चुनाव समाप्त होने के बाद अब फिर से एनडीए की सरकार बिहार में बन भी गई। आज पक्ष के नेता ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सवाल उठाया। जदयू के विधान पार्षद सह मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार विधानसभा सत्र के तीसरे दिन भी विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव का कहीं पता नहीं है। यह चिंता का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि, जिनके परिवार की सुरक्षा के लिए 160 पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, वे स्वयं सदन में दिखाई नहीं दे रहे। आखिर तेजस्वी यादव कहाँ हैं? यह जानने का हक सदन और जनता दोनों को है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Vidhan Sabha: विधानसभा में 91,717.1135 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश, जानिए कहां-कितना खर्च करेगी सरकार
नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि लोकतंत्र का मंदिर बिना विपक्ष के नेता के सूना लगता है। सदन में पूछने पर कोई जवाब नहीं मिलता, सेंट्रल हॉल में देखने पर भी तेजस्वी यादव नजर नहीं आते। महामहिम के अभिभाषण के दौरान भी विपक्ष के नेता गायब रहे। नीरज कुमार ने व्यंग्यपूर्वक कहा कि क्या तेजस्वी यादव किसी कोर्ट पेशी में व्यस्त हैं, या फिर राजनीतिक लज्जा के कारण सदन आने में परहेज कर रहे हैं? विपक्ष का नेता वही होना चाहिए जो जनता के सवालों से भागे नहीं, सदन की जिम्मेदारी निभाए और बहस में उपस्थित रहे। यह भूमिका निभाने में तेजस्वी विफल क्यों हो रहे हैं?
यह खबर भी पढ़ें-IAS Officer : बिहार में फिर 50 प्रशासनिक अधिकारी हुए प्रोन्नत, जानिये सूची में कौन-कौन नाम हैं शामिल
नीरज कुमार के बयान पर राजद ने भी पलटवार किया है। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जिस तरह की राजनीति जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार जी आप करते हैं, ऐसा लगता है कि आपके राजनीति का एकमात्र आधार और सोच तेजस्वी प्रसाद यादव ही हैं। आप वास्कोडिगामा की तरह तेजस्वी यादव की खोज में मत लगिए, बिहार की जनता के हित में उनको बुलडोजर नीति से बचाइए।
बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि नीरज कुमार आप तेजस्वी जी की खोज से आगे निकलिए और बताइए कि बिहार में विकास और आम जनता के कार्य कब होंगे। बिहार की जनता बुलडोजर नीति के कारण त्राहि त्राहि कर रही है उसपर भी तो आप एक शब्द कह दीजिए। नीरज कुमार यह बताइए कि एनडीए की सरकार ने महिलाओं को ₹10 हजार चुनावी लाभ के लिए तो दिया, लेकिन अब उन्हीं महिलाओं के झोपड़ियों और घरों पर बुलडोजर चला कर उन्हें आंसू क्यों दे रहे हैं? इन लोगों का कसूर क्या है? क्या आपको इस बात का एहसास हो गया है कि बिहार की जनता के वोट से हम नहीं जीते हैं। इसीलिए नई सरकार में आप बुलडोजर नीति अपना रहे हैं और आम जनता को प्रताड़ित कर रहे हैं? इस जाड़े की ठिठुरन में लोग अपने आशियाने से उजाड़े जा रहे हैं और आप वास्कोडिगामा की तरह तेजस्वी यादव की खोज में लगे हुए हैं। एजाज अहमद ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार की जनता के मन और विश्वास में बसे हुए हैं। आपको तेजस्वी जी को खोजने की आवश्यकता नहीं है। आप बिहार की जनता के बीच जाइए तो जनता आपको बता देगी। सबको पता है कि कल तेजस्वी यादव ने जिस तरह का भाषण विधानसभा में दिया और सत्ता पक्ष को आईना दिखाया उसके कारण आप लोग बेचैन हो गए हैं।