बिहार में सरकारी सेवाओं को तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए दो प्रमुख भारतीय टेक कंपनियों के साथ समझौता किया है। इस पहल का उद्देश्य बिहार की जरूरतों के अनुसार स्वदेशी AI मॉडल तैयार करना, सरकारी कामकाज को तकनीक से मजबूत बनाना और राज्य में AI आधारित शोध, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुआ समझौता
मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित कार्यक्रम में सूचना प्रावैधिकी विभाग, सरवम डॉट AI (एक्सोनवाइज प्राइवेट लिमिटेड) और भारत GPT (CoRover Pvt. Ltd.) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में विभाग और दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने एक-दूसरे के बीच समझौते का आदान-प्रदान किया।
हर नागरिक और अधिकारी तक पहुंचेगी AI की सुविधा
इस समझौते के तहत राज्य के नागरिकों और सरकारी अधिकारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक पहुंच आसान बनाई जाएगी। साथ ही AI के बेहतर उपयोग और विकास के लिए मजबूत तकनीकी ढांचा तैयार किया जाएगा। इससे बिहार के सभी सरकारी विभागों को भारत में विकसित AI मॉडल और एप्लिकेशन का लाभ मिल सकेगा।
स्थानीय भाषाओं और शोध को मिलेगा बढ़ावा
समझौते के तहत बिहार के स्वीकृत शोधकर्ताओं को भारतीय भाषाओं और स्थानीय बोलियों में AI आधारित रिसर्च करने की सुविधा मिलेगी। स्थानीय समस्याओं का समाधान स्थानीय भाषाओं में तैयार किया जाएगा, जिससे बिहार को AI आधारित सुशासन के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा AI प्रशिक्षण
राज्य सरकार सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़े स्तर पर AI प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम चलाएगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर AI से जुड़ा मजबूत पार्टनर इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा, ताकि लंबे समय तक राज्य में AI तकनीक का विकास होता रहे। AI आधारित स्टार्टअप को भी सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल डिजिटल बिहार और विकसित बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बिहार की जरूरतों के अनुसार स्वदेशी AI मॉडल तैयार किए जाएंगे। AI आधारित तकनीकों के जरिए सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज, सरल और नागरिक-केंद्रित बनाया जाएगा। साथ ही राज्य में बड़े पैमाने पर AI स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, विशेष सचिव अरविंद कुमार चौधरी, भारत GPT के वाइस प्रेसिडेंट शशांक शेखर ठाकुर, सरवम डॉट AI के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर राज चौहान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।