Bihar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4233 करोड़ रूपये की लागत से जन सुविधा एवं विकास से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया है। उन्होंने अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई फसल क्षति से प्रभावित किसानों के खाते में भी राशि भेजे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बुधवार को 4233 करोड़ रूपये की लागत से जन सुविधा एवं विकास से संबंधित योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास करने के साथ-साथ उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने अगस्त 2025 में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई फसल क्षति के लिये कृषि इनपुट अनुदान योजनान्तर्गत 2 लाख 41 हजार से अधिक प्रभावित किसानों के खाते में 113 करोड़ रूपये से अधिक की राशि का जीबीटी के माध्यम से अंतरण किया।
कार्यक्रम में पंचायती राज विभाग के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों द्वारा 1823 करोड़ रुपए से निर्माण कराये जाने वाले 663 पंचायत सरकार भवन तथा मुख्यमंत्री कन्या योजनान्तर्गत ग्राम पंचायतों द्वारा 500 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कराये 1000 विवाह मंडप का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना बिहार के सभी ग्राम पंचायतों में आधुनिक विवाह भवन (विवाह मंडप) का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों को अपनी बेटियों की शादी के लिये सुविधाजनक स्थान मिलेगा और उन्हें शादी के खर्चों में राहत मिलेगी।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar Voter List 2025: फाइनल वोटर लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम, चुनाव आयोग अपलोड कर दी पूरी सूची
विज्ञापन
कृषि विभाग के अन्तर्गत 40 करोड़ 46 लाख रूपये की लागत से निर्मित दाऊदनगर प्रांगण (औरंगाबाद) का उद्घाटन किया गया। बिहार खाद्यान्न भंडारण एवं प्रशिक्षण पटना का भी उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त डॉ० एस० सिद्धार्थ, योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव के० सेंथिल कुमार, कृषि विभाग के प्रधान सचिवपंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के कुमार रवि, पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पंचायती राज विभाग की विशेष सचिव श्रीमती प्रीति तोगड़िया सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह एवं सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधिगण जुड़े हुये थे।