जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) 13 अक्तूबर (सोमवार) को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व नेता तेज प्रताप यादव ने शनिवार को यह जानकारी दी। तेज प्रताप यादव खुद महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। ये वही सीट जिससे उन्होंने 2015 के चुनाव में राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी।
इस मौके पर तेज प्रताप ने कहा कि मैं परसों अपने उम्मीदवारों की घोषणा करूंगा। परसों जोरदार एलान होग। मैं महुआ से चुनाव लड़ूंगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अन्य पार्टियों से बातचीत कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि सब लोग मुझसे मिलने आ रहे हैं। बता दें कि राजद से निष्कासन के बाद तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की स्थापना की। वर्तमान में महुआ विधानसभा सीट राजद के नेता मुकेश कुमार रौशन के पास है, और इसी सीट से तेज प्रताप यादव चुनाव मैदान में उतरने वाले हैं।
विवादों में रहे तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती ऐश्वर्या से शादी की थी। हालांकि कुछ ही महीनों में ऐश्वर्या ने घर छोड़ दिया और आरोप लगाया कि उन्हें पति और ससुरालवालों ने घर से निकाल दिया। इस मामले में दंपति का तलाक मामला पारिवारिक न्यायालय में लंबित है। इतना ही नहीं, उन्हें एक फेसबुक पोस्ट को लेकर विवाद के बाद गंभीर नैतिक और सामाजिक मूल्यों के उल्लंघन के चलते पार्टी और यादव परिवार से निष्कासित कर दिया गया था।
पढे़ं: नामांकन से पहले कुचायकोट में जदयू विधायक पप्पू पांडेय का रोड शो, जनता से की ये अपील
कब है चुनाव?
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी। इस चुनाव में एक तरफ भाजपा के नेतृत्व में एनडीए है, जबकि दूसरी ओर तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाला महागठबंधन मैदान में उतरेगा, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सत्ता से हटाने की कोशिश में है। हालांकि, बिहार की सियासी लड़ाई में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी राज्य की सभी 243 सीटों पर दावा ठोका है।