मृतक संदीप कुमार तथा अस्पताल परिसर में बैठे परिजन
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा में शुक्रवार को सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला कतरीसराय थाना क्षेत्र के गिरियक शाहपुर मुख्य मार्ग के छाछु बीघा के पास का है। मृतक की पहचान नवादा जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मझानपुर गांव निवासी हीरा यादव के बेटे संदीप कुमार (24) के रूप में की गई है।
मृतक के फुफेरे भाई सुधीर ने बताया कि उसका भाई संदीप कुमार मेला देखने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ दोस्तों से गिरियक बाजार में मिला था। इसके बाद उसने उन दोस्तों से कहा कि वह मेला देखकर वापस लौट आएगा। रात करीब 2:00 बजे उसने फोन किया और कहा कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद फोन कट गया।
सुधीर ने बताया कि उसके बाद वह गांव के ही तीन-चार लड़कों के साथ उसे ढूंढने रात में छाछु विगहा पहुंचा, जहां संदीप का कहीं अता-पता नहीं चला। फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। उसके बाद शुक्रवार की सुबह स्थानीय पुलिस द्वारा घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद वे लोग मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि बेरहमी से संदीप की हत्या की गई है। हाथ-पैर को तोड़ दिया गया है। लाठी-डंडों की चोट शरीर पर दिख रही है। हत्या किन कारणों से की गई है, उन्हें इसके बारे में पता नहीं है।
संदीप कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। जबकि उससे बड़ी एक बहन है। वह ग्रेजुएशन पार्ट 2 की पढ़ाई कर रहा था। मां आशापुरी कॉलेज घोषरामा में उसने अपना नामांकन कराया हुआ था। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। छाछु विगहा स्थित साई धाम में मेला लगा हुआ था।
राजगीर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के द्वारा सूचना मिली कि छाछु बीघा स्थित दरवेशपुर की तरफ जाने वाली पक्की सड़क पर एक युवक की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई कर थानाध्यक्ष कतरीसराय और अंचल निरीक्षक गिरीयक के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। जहां से मृत युवक के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान नवादा निवासी के रूप में की गई। इसके बाद मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। प्रारंभिक पूछताछ में प्रेम प्रसंग में हत्या की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवक का मोबाइल भी गायब है।