पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात मनेर के महादेव स्थान के पास हुई, जहां आधा दर्जन की संख्या में रहे बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को पहले घेर लिया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद उसके पास से सोने की चेन और लगभग पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घायल युवक की पहचान रामबाद गांव निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दरगाह रोड होते हुए अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने पहले मारपीट की और फिर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें- Bihar News: फर्जी पुलिस बनकर कर रहा था अवैध वसूली, पटना जंक्शन से रंगदारी सेल ने दबोचा; गांजा-नकदी भी बरामद
किसी तरह दोस्तों को दी सूचना, हालत गंभीर
हमले के बाद लहूलुहान हालत में पड़े नीतीश ने किसी तरह अपने दोस्तों को मोबाइल से सूचना दी। इसके बाद उसे आनन-फानन में मनेर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
वारदात के बाद इलाके में फैली सनसनी
दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक घटना से मनेर इलाके में सनसनी फैल गई है। जैसे ही युवक पर हमले और लूट की खबर फैली, स्थानीय लोगों की भीड़ अस्पताल में जुट गई। वहीं, घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Bihar SIR Row: गिरिराज पर प्रशांत का हमला, बोले- गरीब और प्रवासियों का वोटर लिस्ट से नाम काटने की हो रही साजिश
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित युवक की ओर से थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है।