फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Crime: पटना में कोचिंग से लौट रहे दो छात्रों का अपहरण, परिजनों ने थाने में दी शिकायत; जानें

Wed, 21 May 2025 07:21 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

Bihar: फोन पर राकेश ने बताया कि उसे और सुजीत को किसी ने कनपा पुल के पास एक चाउमिन की दुकान के नजदीक से अगवा कर लिया है। उन्होंने दोनों को एक अंधेरे कमरे में बंद कर रखा है। राकेश ने यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि वह किस जगह पर है।

विज्ञापन
इन्हीं का किया गया अपहरण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी पटना में आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। लूट, छिनतई, हत्या और अब अपहरण जैसी घटनाओं ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे थाना परिसर के पास भी वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे।

ताजा मामला पालीगंज अनुमंडल के रानीतालाब थाना क्षेत्र का है, जहां कनपा पुल के पास कोचिंग से लौट रहे दो छात्रों का अपहरण कर लिया गया। यह स्थान थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने रानीतालाब थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला

विज्ञापन

मिली जानकारी के अनुसार, पालीगंज अनुमंडल के लहलादपुर गांव निवासी शेखराम का 16 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार और जितेंद्र राम का 15 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार, मंगलवार (20 मई) को कनपा बाजार स्थित मूनलाइट कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के लिए गए थे। लेकिन देर शाम तक जब दोनों छात्र घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उन्हें फोन कर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगे। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, लेकिन दोनों छात्रों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच रात लगभग 1 बजकर 18 मिनट पर राकेश कुमार ने मौका पाकर अपने मोबाइल से अपने बड़े भाई सुकेश कुमार को कॉल किया।

फोन पर राकेश ने बताया कि उसे और सुजीत को किसी ने कनपा पुल के पास एक चाउमिन की दुकान के नजदीक से अगवा कर लिया है। उन्होंने दोनों को एक अंधेरे कमरे में बंद कर रखा है। राकेश ने यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि वह किस जगह पर है। उसने जैसे ही यह बात बताई, तभी किसी के आने की आहट सुनकर उसने कॉल काट दिया। इस फोन कॉल के बाद परिजनों ने तत्काल रानीतालाब थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दी और अपहरण की आशंका जताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन में जुट गई है।

पढ़ें: गर्मी की छुट्टियों में कर सकेंगे तीर्थ यात्रा, 31 मई को चलेगी भारत गौरव ट्रेन; इन स्टेशनों पर ठहराव

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) शहर में पाई गई है। इसके बाद पटना पुलिस की एक टीम संभावित लोकेशन की ओर रवाना हो गई है। वहां की स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया गया है और जल्द ही दोनों छात्रों की सकुशल बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रही है। अपहरण की पुष्टि अभी तक नहीं की गई है, लेकिन परिजनों की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, यह मामला अपहरण का हो सकता है या इसके पीछे कोई और वजह भी हो सकती है। फिलहाल सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें