पटना जिले के मनेर में चार दिन पूर्व 10 वर्षीय बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म व हत्या की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। घटना के मद्देनज़र वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मनेर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने छापेमारी कर 9.27 ग्राम स्मैक की 19 पुड़िया बरामद की। इस दौरान चार तस्करों नौबतपुर शेखपुरा के विशाल ठाकुर, ब्यापुर के कृष्णा सिंह, महिनावा के सूरज कुमार और गोपाल कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पढ़ें: जमालपुर में करमा पर्व पर हादसा, तीन दिनों में दो की गई जान; एक की तलाश जारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से पुलिस को इलाके में शराब और स्मैक के अवैध कारोबार की सूचना देते आ रहे थे। घटना के बाद पुलिस पूरी तरह से एक्शन में है और मृतक बच्ची के मोहल्ले व आसपास के इलाकों में लगातार नशाखोरी व तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी अभियान में एडिशनल थानाध्यक्ष मनोज कुमार, एसआई अफसर अली, एएसआई रामसुरेश प्रसाद सहित जिला पुलिस बल शामिल रहा। एडिशनल थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।