बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत लाला भरसारा गांव में बने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके बाद सीएम नीतीश ने सिकरिया गांव में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा और पुस्तकालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और बिहार के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
‘बिहार में बदली महिलाओं की स्थिति’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले की सरकारों के दौर में महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाईं और उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है। आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं।
विकास कार्यों का दिया ब्यौरा
सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने बिहार के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया, लेकिन हमने सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन किया है। आज बिहार का हर जिला और गांव सड़क से जुड़ चुका है। दूसरे जिलों और राज्यों तक पहुंचने में अब ज्यादा समय नहीं लगता। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग लगाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं ताकि पलायन को रोका जा सके और युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार मिले।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: बिहार को लेकर केरल कांग्रेस की टिप्पणी पर बवाल, भाजपा ने पूछा- 'बिहारियों की तुलना बीड़ी से?'
विपक्ष पर साधा निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम एक-दो बार इधर-उधर गए, लेकिन अब कहीं नहीं जाएंगे। शुरू से ही बिहार के विकास में बीजेपी और जदयू की साझेदारी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों को याद रखें और भ्रम फैलाने वाली ताकतों से सावधान रहें।
‘बिहार बनेगा विकसित राज्य’
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार ने दिन-दुगनी, रात-चौगुनी तरक्की की है और अब यह विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बचे हुए सभी विकास कार्यों को भी पूरा करेगी और जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी।
यह भी पढ़ें- Bihar: बिहार में अब ऋषिकेश के लक्ष्मण झूले जैसा नज़ारा, पुनपुन में सीएम नीतीश ने केबल ब्रिज का किया शुभारंभ