घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
पटना के मनेर में ईंट भट्ठे की दीवार भरभरा गिर गई। इसमें काम करने 8 मजदूर दब गए। आननफानन में सभी घायलों को भट्ठा से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। इनमें से 4 महिला की मौत हो गई। अन्य 4 की हालत गंभीर है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मनेर थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि 4 मजदूरों के इलाज के दौरान मरने की सूचना मिल रही है। मजदूरों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
भट्ठे की दीवार गिर गई
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोमवार सुबह मनेर के ब्यापुर स्थित लकी ईंट-भट्ठा मजदूर ईंट निर्माण के कार्य में लगे थे। अचानक भट्ठे की दीवार ढ़हकर गिर गई। तेज आवाज सुनकर हमलोग मौके पर पहुंचे। 8 मजदूरों को किसी तरह बाहर निकाला और अस्पताल में लेकर गए। इनमें से 4 महिला मजूदरों ने दम तोड़ दिया। मृत महिलाओं की पहचान गया निवासी शिला देवी, झारखंड के गुमला निवासी धुरनी देवी, सुगंधी देवी और सिताबी देवी के रूप में हुई।
मुख्यमंत्री ने अनुमान्य सहायता देने का दिया निर्देश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस घटना पर शोक व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया है और इस हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने श्रम संसाधन विभाग को मजदूरों के परिजनों को सभी अनुमान्य सहायता देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल चार व्यक्तिों के समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।