फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार में आज भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा पर क्या संयोग बन रहा? जानिए पूजा की मान्यता और शुभ मुहूर्त के बारे में

Wed, 11 Nov 2026 11:24 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

भाई-बहन के रिश्ते से जुड़े इन त्योहारों में कुछ ऐसी परंपराएं निभाई जाती हैं, जिनके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। कहीं भाई की सलामती के लिए अनोखी रस्म निभाई जाती है, तो कहीं कलम और दवात की पूजा का विशेष महत्व है। आइये जानते हैं...

विज्ञापन
भाई दूज और चित्र गुप्त पूजा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व भाई दूज बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर बहनें अपने भाइयों की सुख-समृद्धि, अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना करेंगी। पूजा-अर्चना और पारंपरिक विधियों के बाद भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना की जाएगी। इसके बदले भाई भी बहनों की रक्षा, सम्मान और साथ निभाने का संकल्प लेंगे। वहीं, कायस्थ समाज के लोग आज भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना करेंगे।
विज्ञापन

 

चित्रगुप्त पूजा में कलम-दवात की आराधना, 11 नवंबर को होगी पूजा
चित्रगुप्त पूजा कायस्थ समाज के लिए बेहद खास पर्व है। इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाती है, जिन्हें मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। इस पूजा में कलम, दवात, कॉपी और बही-खातों का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त की आराधना से ज्ञान, बुद्धि और अच्छे कर्मों का आशीर्वाद मिलता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर से शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे तक रहेगी। वहीं, चित्रगुप्त मंदिर के पुजारी प्रमोद पंडित का कहना है कि बिहार में कायस्थ समाज के लोग इस बार 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा करेंगे। उनका मानना है कि उदया तिथि और पूजा की परंपरा के अनुसार इस दिन आराधना करना शुभ रहेगा। पूजा में कलम और दवात का खास महत्व है। भगवान चित्रगुप्त को कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देवता माना जाता है। इसलिए इस दिन लोग अपनी कलम और लेखन सामग्री की पूजा करते हैं। धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में भी भगवान चित्रगुप्त की महिमा का उल्लेख मिलता है। यह पूजा सिर्फ एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि ज्ञान, लेखन और अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती है।

शुभ योगों में मनाया जा रहा भाई दूज का पर्व
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार, इस बार भाई दूज पर अनुराधा और ज्येष्ठा नक्षत्र का संयोग बन रहा है। इसके साथ सर्वार्थ अमृत सिद्धि और सिद्ध योग भी है। इन शुभ संयोगों में बहनें विधि-विधान से पूजा कर भाइयों के लिए मंगलकामना करेंगी। मिथिलांचल में इस पर्व को भ्रातृ द्वितीया या भरदुतिया के नाम से भी जाना जाता है। यहां बहनें अरिपन बनाकर चंदन, पान-सुपारी, फूल और धान की बालियों से पूजा करती हैं। इसके बाद भाई के हाथों की पूजा कर विशेष तिलक लगाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन बहन के घर भोजन करना और उसे उपहार देना शुभ होता है।
विज्ञापन


शाम को यमराज के नाम से जलाया जाएगा चौमुख दीप
भाई दूज पर पूजा के साथ दीपदान की भी परंपरा है। पंडित राकेश झा के मुताबिक, बहनें शाम को गोधूलि बेला में यमराज के नाम से चौमुख दीप जलाती हैं। धार्मिक मान्यता है कि ऐसा करने से भाई के जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और उसे दैहिक, दैविक व भौतिक कष्टों से सुरक्षा मिलती है। इस पर्व पर बहनें यमराज से अपने भाइयों की लंबी उम्र का वर मांगती हैं। पूजा के दौरान मार्कण्डेय, हनुमान, बलि, परशुराम, व्यास, विभीषण, कृपाचार्य और अश्वत्थामा सहित आठ चिरंजीवियों का स्मरण भी किया जाता है।

गोधन कूटने की परंपरा भी निभाएंगी महिलाएं
बिहार के कई इलाकों में भाई दूज पर गोधन कूटने की परंपरा निभाई जाती है। इसके लिए गोबर से मानव आकृति बनाई जाती है और उसके सीने पर ईंट रखकर महिलाएं मूसल से उसे कूटती हैं। इस दौरान पारंपरिक लोकगीत गाए जाते हैं। इसके बाद काजल तैयार कर घर के बच्चों को लगाया जाता है और गोधन की परिक्रमा की जाती है। इस परंपरा के पीछे भाई की सलामती और परिवार की खुशहाली की कामना जुड़ी है। अलग-अलग क्षेत्रों में इसे मनाने के तरीके में कुछ अंतर देखने को मिलता है।

यमराज और यमुना से जुड़ी है भाई दूज की कथा
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार ने बताया कि पौराणिक कथा के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यमुना ने अपने भाई यमराज को भोजन के लिए घर बुलाया था। यमराज ने बहन का निमंत्रण स्वीकार किया और उसके घर पहुंचे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और भोजन कराया। इससे प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वर मांगने को कहा। यमुना ने वर मांगा कि जो बहन इस दिन अपने भाई को घर बुलाकर तिलक करे और आदर-सत्कार करे, उसे यमराज का भय न रहे। यमराज ने उनकी प्रार्थना स्वीकार कर ली। तभी से इस दिन यमराज और यमुना की पूजा करने तथा भाई के माथे पर तिलक लगाने की परंपरा चली आ रही है।

भाई दूज की पूजा सामग्री का है खास महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने बताया कि भाई दूज की पूजा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं का भी धार्मिक और प्रतीकात्मक महत्व है।
  • रेगनी का कांटा: बहनें इसे जीभ पर स्पर्श कर भाई के लिए कभी कटु वचन न बोलने का संकल्प लेती हैं।
  • बजरी: इसे खाकर भाई के मजबूत और दृढ़ रहने की कामना की जाती है।
  • नारियल: इसके माध्यम से भाई के स्वभाव में सरलता और व्यवहार में मधुरता की कामना की जाती है।
  • पान: भाई के प्रिय बने रहने और जीवन में खुशहाली की कामना के प्रतीक के रूप में इसका इस्तेमाल होता है।

भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा के शुभ मुहूर्त

मुहूर्त

समय

द्वितीया तिथि समाप्त

दोपहर 2:24 बजे तक

लाभ-अमृत मुहूर्त

सुबह 6:05 से 8:49 बजे तक

शुभ योग मुहूर्त

सुबह 10:11 से 11:33 बजे तक

अभिजित मुहूर्त

सुबह 11:11 से 11:55 बजे तक

चर-लाभ मुहूर्त

दोपहर 2:17 से शाम 5:01 बजे तक

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें