ई. राहुल राय के होटल ए.आर ग्रैंड में पुलिस ने कुर्की किया
- फोटो : अमर उजाला
नालंदा के राजगीर में दो करोड़ के लेन-देन मामले में चर्चित व्यवसायी सह बिल्डर और किंग ऑफ राजगीर कहे जाने वाले ई. राहुल राय के होटल ए.आर ग्रैंड में पुलिस ने कुर्की किया है। इस दौरान होटल से आपत्तिजनक चीजों के साथ कुछ कागजात भी बरामद किये गये हैं। पिछले साल जून महीने में भी उनके घर और फॉर्म हाउस की कुर्की हुई थी जहां कार्रवाई के दौरान उनके कमरे से 99 ज़िंदा कारतूस बरामद किये गये थे। यह कारतूस लाइसेंसी था या अवैध उसका जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आ पाया है।
वर्ष 2021 में दो करोड़ रुपए का हुआ था लेन-देन-
नवादा थाना क्षेत्र निवासी राजीव कुमार ने नवादा न्यायालय में राहुल राय के खिलाफ दो करोड़ रुपए गबन करने का आरोप लगाकर उन पर मुकदमा दर्ज कराया था। राहुल राय राजगीर धर्मशाला स्थित अपने मकान में रह रहे थे, जहां पर पुलिस ने कुर्की जब्ती की थी। वैसे राहुल का पैतृक घर सिलाव थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी गांव है। राजगीर थानाध्यक्ष मुश्ताक अहमद ने बताया कि नवादा निवासी राजीव कुमार ने होटल की जमीन खरीदने के लिए व्यवसायी राहुल राय को वर्ष 2021 में दो करोड़ रुपए दिए थे। राजीव कुमार ने पैसे की मांग की तो आरोपित ने रुपया देने से साफ़ मना कर दिया। तब थकहार कर राजीव कुमार ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसी मामले में न्यायालय ने 21 जून 2022 को कुर्की जब्ती का वारंट जारी कर दिया। शुक्रवार को नवादा आरक्षी अधीक्षक ने नालंदा एसपी से समन्वय कर राजगीर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कुर्की जब्ती की कार्रवाई की।