ऑटो को टक्कर मारकर वाहन छोड़ भागा चालक, बुजुर्ग की मौत; सात घायल।
- फोटो : अमर उजाला
भोजपुर से लगे आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरी गांव के समीप शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने सवारियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो पर सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि ऑटो में बैठे सात लोग जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के सारोपुर गांव निवासी स्व. रामनिवास सिंह के 65 वर्षीय पुत्र राजमोहर सिंह के रूप में हुई है। वह पेशे से किसान थे। हादसे के बाद गंभीर रूप से जख्मी राजमोहर सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं, हादसे में ऑटो सवार रंजू देवी, वीरेंद्र कुमार, शमशेर आलम, अंजली कुमारी, बेबी कुमारी, छोटकी देवी और पायल कुमारी जख्मी हो गईं। इनमें चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरी गांव निवासी रंजू देवी, दुबेडीहरा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार, कथराई गांव निवासी शमशेर आलम, मुकुंदपुर गांव निवासी अंजली कुमारी व बेबी कुमारी, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी छोटकी देवी तथा उदवंतनगर थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी पायल कुमारी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- पूर्णिया में अवैध लॉटरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा: बड़ी खेप लेकर पहुंची थी बस, खलासी समेत दो तस्कर गिरफ्तार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें चार घायलों का इलाज सदर अस्पताल, आरा में कराया जा रहा है, जबकि तीन घायलों का इलाज चरपोखरी पीएचसी में चल रहा है।
इधर, घटना के बाद फोर व्हीलर का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। हादसे के कारण स्टेट हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।