सार
Bihar News: नालंदा में गुरुवार को सड़क हादसे में किशोर की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा करते हुए बिहार शरीफ राजगीर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मामला नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिदुपुर गांव के समीप की है। मृतक की पहचान बिदुपुर गांव निवासी उपेंद्र यादव का (12) वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में की है।
घटना के बाद आक्रोशित हुए परिजन
- फोटो : अमर उजाला
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुधवार की शाम विकास कुमार साइकिल से नालंदा की ओर जा रहा था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। जिसके बाद उसे सिलाव पीएचसी में भर्ती कराया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के क्रम में गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
बाद में शांत हुआ हंगामा
मौत की पुष्टि के उपरांत परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद शव को लेकर परिजन गांव पहुंचे और मुख्य सड़क पर रख मुआवजे की मांग को लेकर जाम कर दिया। हंगामा की सूचना मिलने के उपरांत सिलाव बीडीओ, नालंदा थाना अध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशितों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं बीडीओ के द्वारा पारिवारिक लाभ के अंतर्गत 20 हजार की राशि, मृतक के स्वजन को दी गई। इसके बाद हंगामा शांत हुआ।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
नालंदा थाना अध्यक्ष निशि कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं अज्ञात वाहन के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।