सेवानिवृत सिपाही की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
पटना के नौबतपुर में गुरुवार को सड़क हादसे में सेवानिवृत सिपाही की मौत हो गई। वह बाइक से पशु चारा लाने बाजार जा रहे थे। अचानक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी की मदद से वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।
पशु का चारा लाने जा रहे थे
पुलिस के अनुसार, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मनेर निवासी रमेश कुमार सिंह (66 वर्ष )अपनी मोटरसाइकिल से सिंगरौली गांव पशु का चारा लाने जा रहे थे। इसी क्रम में जैसे ही सिंगरौली मुख्य मार्ग पर पहुंचे विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही एक वाहन ने उन्हें कुचल डाला।
स्थानीय लोग कर रहे हैं मुआवजे की मांग
इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंगरौली हाईवे पर लगातार सड़क हादसे होते रहते हैं। प्रशासन को हादसों के रोकथाम के लिए जरूरी जरूर उठाना चाहिए। स्थानीय लोगों मृत रमेश कुमार के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। साथ ही वाहन चालक पर कार्रवाई की बात कह रहे हैं। मामले में नौबतपुर थाना प्रभारी रफीकुल रहमान ने बताया कि अज्ञात वाहन की खोजबीन के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि हादसे में कमी आए इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जगह-जगह वाहन जांच अभियान चलाए जाएंगे। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।