IPS राजीव मिश्रा बने पटना के सीनियर एसपी
- फोटो : अमर उजाला
पटना के एसएसपी की कमान आईपीएस राजीव मिश्रा को सौंप दी गई है। वहीं पटना एसएसपी रहे मानव जीत सिंह ढिल्लों को आर्थिक अपराध इकाई का डीआईजी बनाया गया है। साथ ही मद्य निषेध विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गृह विभाग ने शुक्रवार शाम को अधिसूचना जारी कर यह जानकारी दी।
पहले से पटना का है उन्हें अनुभव
दरअसल राजीव मिश्रा को पटना का काफी अनुभव रहा है। इससे पहले भी वह पटना की कमान संभाल चुके हैं। दिसंबर 2014 में बिहार सरकार ने इन्हें पटना सिटी वेस्ट का एसपी नियुक्त किया था। इसके बाद राजीव मिश्रा पटना में ही 2 बार ट्रैफिक एसपी रहे। अप्रैल 2018 में बिहार सरकार ने इन्हें गया एसएसपी बनाया था। इसके बाद आईपीएस राजीव मिश्रा अक्टूबर 2020 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में चले गए।
तेजतर्रार आईपीएस के रूप में है उनकी पहचान
करीब 3 साल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बिताने के बाद फरवरी के अंतिम सप्ताह में वह बिहार लौटे। इसके बाद से पोस्टिंग के इंतजार में थे। पुलिस मुख्यालय भी पटना पटना में विधि व्यवस्था बनाए रखने और क्राइम कंट्रोल के लिए एक तेजतर्रार आईपीएस की तलाश कर रही थी। राजीव मिश्रा पटना एसएसपी के लिए बेहतर विकल्प नजर आए। इसके बाद मुख्यालय ने उन्हें पटना की कमान सौंप दी।
मानवजीत सिंह ढिल्लों बने ईओयू के डीआईजी
गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक पटना के एसएसपी रह चुके मानव जीत सिंह ढिल्लों अब आर्थिक अपराध इकाई की कमान संभालेंगे। मुख्यालय ने उन्हें मध्य निषेध विभाग का अलग से प्रभार दिया है।