पैक्स मतदानकर्मियों पर कार्रवाई।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
सुपौल में पैक्स चुनाव की मतगणना से अनुपस्थित चार कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं बीएसएस कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर देरी से पहुंचने वाले पांच कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा गया है। कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह सुपौल सदर डीसीएलआर मो अली एकराम ने इस बाबत आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित कर्मियों की जगह रिजर्व कर्मियों की तैनाती कर मतगणना ससमय शुरू कराई गई। उन्होंने कहा कि कर्मियों का यह आचरण निर्वाचन नियमों का उल्लंघन है, जिसकी वजह से यह कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई करने का आदेश जारी
मंगलवार को दो प्रखंडों में पैक्स चुनाव के मद्देनजर मतदान हुआ, जिसके बाद छातापुर और त्रिवेणीगंज प्रखंड के सभी पैक्स की मतगणना बुधवार की सुबह बीएसएस कॉलेज परिसर में शुरू हुई। हालांकि इससे पूर्व जब मतगणना केंद्र पर तैनात कर्मियों का रोस्टर मिलान किया गया तो चार कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जबकि पांच कर्मियों ने देरी से योगदान किया। इसके बाद सदर डीसीएलआर ने छातापुर और त्रिवेणीगंज के निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ को प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा है। साथ ही इसकी सूचना जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को देने को कहा है।
तीन मतगणना सहायक, एक पर्यवेक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी
कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने जिन चार कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी का आदेश दिया है, इसमें तीन मतगणना सहायक और एक पर्यवेक्षक शामिल हैं। इसमें मध्य विद्यालय परसौनी के प्रधानाध्यापक चंदन कुमार और बंदोबस्त कार्यालय सुपौल के विशेष सर्वे अमीन पंकज कुमार बतौर मतगणना सहायक तथा डीआरसीसी सुपौल के सहायक प्रबंधक अनिल कुमार बतौर मतगणना पर्यवेक्षक छातापुर प्रखंड के लिए तैनात किए गए थे। वही बंदोबस्त कार्यालय सुपौल के विशेष सर्वे अमीन मो शाहबाज आलम त्रिवेणीगंज के मतगणना सहायक तौर पर तैनात किए गए थे।
चार मतगणना सहायक, एक पर्यवेक्षक से शोकॉज
कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने देरी से योगदान करने वाले चार मतगणना सहायक और एक पर्यवेक्षक को तत्काल जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी के अवलोकन हेतु स्पष्टीकरण समर्पित करने का आदेश दिया है। जिन कर्मियों को शोकॉज किया गया है, उनमें बंदोबस्त कार्यालय सुपौल के विशेष सर्वे अमीन जय प्रकाश और कुंदन कुमार सहित नगर पंचायत निर्मली के निम्न वर्गीय लिपिक गौरव कुमार और कृषि कार्यालय सुपौल के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ निराला कुमार की तैनाती बतौर मतगणना सहायक हुई थी। वही पूर्वी तटबंध प्रमंडल वीरपुर के कनीय अभियंता अशोक कुमार मंडल बतौर मतगणना पर्यवेक्षक तैनात किए गए थे।