बिहार में सीटों के बंटवारे को लेकर राजद और जेडीयू में चली आ रही खींचतान पर फिलहाल ब्रेक लगता दिख रहा है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और जनता परिवार के मुखिया मुलायम सिंह के घर पर दोपहर बाद हुई बैठक में बिहार के आगामी चुनावों में गठबंधन के तहत लड़ने का फैसला किया गया।
जिसमें सीटों का बंटवारा तय करने के लिए छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी ही लालू के राजद और नीतीश कुमार के जेडीयू को दी जाने वाली सीटों का फैसला करेगी। इस कमेटी में दोनों दलों के तीन तीन सदस्य होंगे। बैठक के दौरान लालू यादव और नीतीश कुमार मौजूद रहे।
वहीं इसमें सबसे बड़ा झटका नीतीश कुमार खेमे को लगा है। बिहार का चुनाव अब नीतीश के चेहरे पर नहीं गठबंधन के नाम पर लड़ा जाएगा। जबकि अभी तक जेडीयू बिहार में नीतीश के नाम पर ही चुनाव लड़ने का दावा करती रही है।
इसी कड़ी में दो दिन से पूरे पटना को नीतीश कुमार के बैनर पोस्टरों से भी पाट दिया गया है। लेकिन हालिया निर्णय से नीतीश समर्थकों में मायूसी छा सकती है।