फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Govt. Formation LIVE: तेजप्रताप ने कहा- नीतीश जी आशा करता हूं उद्घाटन से पहले अब कोई पुल नहीं टूटेगा

Mon, 16 Nov 2020 11:27 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

खास बातें

 Bihar Government Formation Live Updates: नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें शपथ दिलाई। इनके अलावा 14 अन्य नेताओं ने भी राज्यपाल के समक्ष मंत्री पद की शपथ ली।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:25 PM, 16-Nov-2020

कल होगी नीतीश कैबिनेट की बैठक

मंगलवार को नीतीश कुमार की नए कैबिनेट की पहली बैठक होगी। जिसमें मंत्रियों के विभागों के आवंटन होने की संभावना है। जबकि 23 नवंबर को विधानसभा सभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी नव निर्वाचित विधायक शपथ ग्रहण करेंगे।ो

10:47 PM, 16-Nov-2020

केसी त्यागी ने शिवानंद तिवारी के बयान पर दिया जवाब 

जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि राजद अपनी और गठबंधन की कमजोरी की वजह से चुनाव हारे हैं, जिसका संकेत उनके नेता शिवानंद तिवारी ने दिया है। हार का सारा ठीकरा उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर फोड़ दिया।
 

10:32 PM, 16-Nov-2020

तेजप्रताप ने दी नीतीश कुमार को बधाई

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजप्रताप यादव ने भी कटाक्ष करते हुए नीतीश कुमार को बधाई दी है। तेजप्रताप ने कहा कि आदरणीय नीतीश कुमार जी को 7 वीं बार मुख्यमंत्री मनोनीत होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उम्मीद करता हूं कि इस बार चूहे, दारू के नशे में कोई बांध नहीं तोड़ पाएंगे और उद्घाटन से पहले कोई पुल नहीं टूटेगा। 

विज्ञापन
09:34 PM, 16-Nov-2020

शिवानंद तिवारी के बयान पर राजद का स्पष्टीकरण

शिवानंद तिवारी द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए बयान पर राजद ने स्पष्टीकरण दिया है। राजद नेता मनोज झा ने कहा कि ये उनका निजी बयान है, ये हमारे दल का आधिकारिक पहलू, पक्ष और पोजीशन नहीं है। राजद ने स्पष्ट कर दिया कि ये उनकी निजी राय थी।

09:26 PM, 16-Nov-2020

चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को दी बधाई

लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी। चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश जी आपको फिर से मुख्यमंत्री बनने की बधाई। आशा करता हूं कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और आप एनडीए के ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

विज्ञापन
08:57 PM, 16-Nov-2020

बिहार में एनडीए सरकार बनने पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना

उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिहार में एनडीए सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि घुटन तो उन्हें भी होगी घोंटकर गला आवाम के फैसले का, आज सरेआम जो सच की कसम खा रहे हैं।

08:49 PM, 16-Nov-2020

2017 में भाजपा ने युद्ध और पाखंड दोनों साथ जीता थाः राजद

राष्ट्रीय जनता दल ने भाजपा पर भी हमला किया। राजद ने कहा कि चोर दरवाजे से सत्ता में आयी बीजेपी ने युद्ध भी जीता था और पाखंड भी। है ना?? जनमत जनता निर्धारित करती है और जनता हमारे साथ है। पूरा देश जानता है महज़ 12270 वोटों के अंतर से 15 सीटों की डकैती हुई है।

07:25 PM, 16-Nov-2020

बिहार में नई कैबिनेट की बैठक कल

बिहार में नई कैबिनेट की बैठक कल बुलाई गई है वहीं 23 नवंबर को विधान सभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।

07:16 PM, 16-Nov-2020

आरजेडी ने कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी

आरजेडी ने कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। आरजेडी ने कहा कि निर्वाचित और चयनित की बजाय परिस्थितिवश “मनोनीत” मुख्यमंत्री बनने पर नीतीश कुमार को बधाई। आपकी समाज तोड़क कुर्सीवादी नीतियों से बिहार को बहुत नुक़सान हुआ है। इस बार हर दिन बिहार का बेरोज़गार युवा, नियोजित शिक्षक और संविदाकर्मी आपसे से अपना हक मांगेंगे।

07:04 PM, 16-Nov-2020

देवेंद्र फडणवीस ने सुशील मोदी को लेकर दिया जवाब

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के सवाल पर देवेंद्र फडणवीस ने जवाब देते हुए कहा कि सुशील मोदी जी बिल्कुल परेशान नहीं हैं। वह हमारी पार्टी के लिए एक संपत्ति है। पार्टी उनके बारे में सोचेगी, उन्हें एक नई जिम्मेदारी दी जाएगी।

06:38 PM, 16-Nov-2020

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नीतीश कुमार दी बधाई

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुझे यकीन है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में एनडीए राज्य में किसान, महिला, युवा और विकासोन्मुखी सरकार देगा। मैं बिहार के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि एनडीए उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

06:24 PM, 16-Nov-2020

सुशील मोदी के सवाल पर सीएम नीतीश ने तोड़ी चुप्पी 

सुशील मोदी के उपमुख्यमंत्री ना बनने के सवाल पर सीएम नीतीश ने कहा कि ये भारतीय जनता पार्टी का फैसला है। हमारा गठबंधन है, हम लोग मिलकर काम करते हैं, मिलकर काम करेंगे।

 

06:18 PM, 16-Nov-2020

तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी बनीं उपमुख्यमंत्री

भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी बनीं उपमुख्यमंत्री। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी दी।

06:11 PM, 16-Nov-2020

देवेंद्र फडणवीस ने नीतीश कुमार को दी बधाई

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हम बहुत खुश हैं, बिहार में बहुत अच्छी जीत एनडीए को मिली है। आज फिर से एक बार मजबूत सरकार बनी है, अगले 5 साल ये सरकार चलेगी और बिहार को आगे लेकर जाएगी।

 

06:01 PM, 16-Nov-2020

सुशील मोदी ने दी नीतीश कुमार को बधाई

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने नीतीश कुमार के 7वीं बार मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि श्री नीतीश कुमार के 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। आपके नेतृत्व में बिहार और आगे बढ़ेगा। श्री नरेन्द्र मोदी का सहयोग बिहार को हमेशा मिलता रहेगा।

05:55 PM, 16-Nov-2020

प्रधानमंत्री मोदी ने दी नीतीश को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीएम पद की शपथ लेने पर नीतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एनडीए परिवार राज्य की प्रगति के लिए मिलकर काम करेगा।
 

05:52 PM, 16-Nov-2020

तेजस्वी यादव ने दी बधाई

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा की आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री ‘मनोनीत’ होने पर शुभकामनाएं। आशा करता हूं कि कुर्सी की महत्वाकांक्षा की बजाय वो बिहार की जनाकांक्षा एवं एनडीए के 19 लाख नौकरी-रोजगार और पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई जैसे सकारात्मक मुद्दों को सरकार की प्राथमिकता बनायेंगे।

05:46 PM, 16-Nov-2020

फिर जिम्मेदारी का निर्वहन करना हैः नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में फिर जिम्मेदारी का निर्वहन करना है। एक नया मौका मिला है, हर बार कुछ न कुछ नया होता है।

05:24 PM, 16-Nov-2020

भाजपा नेता रामसूरत राय ने ली शपथ

भाजपा नेता रामसूरत राय ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने औराई विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।

05:16 PM, 16-Nov-2020

भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा ने ली शपथ

भाजपा के विधायक जीवेश मिश्रा ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली। वे दरभंगा जिला के जाले से चुनकर आए हैं।

05:14 PM, 16-Nov-2020

भाजपा नेता रामप्रीत पासवान ने ली शपथ

भाजपा नेता रामप्रीत पासवान ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली। वे राजनगर से विधायक चुनकर आए हैं।

05:12 PM, 16-Nov-2020

अमरेंद्र प्रताप सिंह ने ली मंत्री पद की शपथ

भाजपा नेता अमरेंद्र प्रताप सिंह ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली। वे आरा से विधायक चुने गए हैं।

05:09 PM, 16-Nov-2020

मंगल पांडे ने ली मंत्री पद की शपथ

भाजपा नेता मंगल पांडे ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली। वे फिलहाल बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। 

05:05 PM, 16-Nov-2020

वीआईपी के प्रमुख मुकेश साहनी ने ली शपथ

वीआईपी के प्रमुख मुकेश साहनी ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली । वे सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव हार गए थे। उन्हें सन ऑफ मल्लाह भी कहा जाता है।

05:02 PM, 16-Nov-2020

मांझी के बेटे संतोष सुमन ने ली मंत्री पद की शपथ

जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने मंत्री पद की शपथ ली। 2018 में विधान परिषद के सदस्य बनाए गए थे।

05:00 PM, 16-Nov-2020

जदयू नेता शीला मंडल ने ली मंत्री पद की शपथ

जदयू नेता शीला मंडल ने राज्यपाल फागू चौहान के समक्ष ली मंत्री पद की शपथ। वे मधुबनी के फुलपरास विधानसभा से जीत कर आईं हैं।

04:57 PM, 16-Nov-2020

मेवालाल चौधरी ने राज्यपाल के सामने ली शपथ

जदयू के मेवालाल चौधरी ने राज्यपाल फागू चौहान के समक्ष मंत्री पद की शपथ ली।  ये कृषि विश्वविद्यालय में वीसी रह चुके हैं।

04:52 PM, 16-Nov-2020

बिजेंद्र यादव और अशोक चौधरी ने ली मंत्री पद की शपथ

जदयू नेता  बिजेंद्र यादव और अशोक चौधरी ने राज्यपाल फागू चौहान के सामने शपथ ली।
 

04:46 PM, 16-Nov-2020

नीतीश कुमार ने 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

नीतीश कुमार ने 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। राजभवन में चल रहे कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इनके अलावा तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, विजय चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली।  


तारकिशोर प्रसाद कटिहार से चौथी बार विधायक बने हैं
बता दें कि तारकिशोर प्रसाद को भाजपा के विधानमंडल दल का नेता चुना गया है। तारकिशोर प्रसाद कटिहार के रहने वाले हैं। तारकिशोर प्रसाद की बिहार की राजनीति में अच्छी पकड़ है। 64 साल के तारकिशोर प्रसाद को चौथी बार कटिहार सीट से लड़ने का मौका मिला। इस चुनाव में उन्होंने डॉ राम प्रकाश महतो को हराकर कटिहार सीट से लगातार चौथी बार चुनाव में जीत दर्ज की। उनकी संपत्ति की बात करें तो वे करोड़पति हैं।

04:35 PM, 16-Nov-2020

राजभवन में शपथग्रहण समारोह शुरू हो गया है। नीतीश कुमार लेंगे सीएम पद की शपथ।

04:31 PM, 16-Nov-2020

नीतीश कुमार शपथग्रहण समारोह के लिए राजभवन पहुंच चुके हैं। वे कुछ ही देर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

04:21 PM, 16-Nov-2020

शाम 4.30 बजे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

राजभवन में शपथग्रहण कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। शाम 4.30 बजे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

04:17 PM, 16-Nov-2020

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एनडीए पर निशाना 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एनडीए पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अभी जो एनडीए की सरकार बनने जा रही है वो कब तक टिकेगी? आखिर सुशील मोदी जैसे इतने अनुभवी नेता को हटाकर और दो जूनियरों को डिप्टी सीएम बना रहे हैं इसके पीछे राज क्या है? जब बिहार गया था तो यही चर्चा थी कि बंगाल चुनाव तक ये सरकार टिकेगी।

03:55 PM, 16-Nov-2020

शपथग्रहण के बाद मंत्रिमंडल की बैठक

पटना में राजभवन के राजेंद्र मंडप में होगा शपथग्रहण समारोह। शपथग्रहण के बाद मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई जाएगी।

03:39 PM, 16-Nov-2020

अमित शाह और नड्डा पार्टी कार्यालय पहुंचे

गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना के पार्टी कार्यालय पहुंच चुके हैं। वे यहां से सीधे राजभवन जाएंगे।
 

03:17 PM, 16-Nov-2020

अमित शाह- जेपी नड्डा पहुंचे पटना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंच गए हैं। दोनों ही नेता हवाई अड्डे से भाजपा कार्यालय के लिए निकल गए हैं। वहीं, हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। 
 

 

03:06 PM, 16-Nov-2020

जगदानंद सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर दिया विवादित बयान

नीतीश कुमार लगातार चौथी बार आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। ऐसे में शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए दिल्ली से कई नेता पटना पहुंच रहे हैं। वहीं, राजद ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया है। इस बारे में पूछे जाने पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर विवादित बयान दे दिया है।

दरअलसल, राजद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि पहले वह विश्वासघात करके सीएम बनते थे, इस बार उन्हें सीएम नहीं कहा जा सकता। नीतीश कुमार भाजपा द्वारा जनता के जनादेश के साथ किए गए लूट से पैदा हुए हैं, इसलिए हमने शपथ ग्रहण समारोह का बायकॉट किया है। 

02:19 PM, 16-Nov-2020

शपथ लेने वालों में 10 नए चेहरे शामिल

नीतीश कुमार संग शपथ लेने वाले 15 विधायकों में से 10 नए चेहरे के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। इनमें मेवालाल चौधरी, शीला कुमारी, तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, अमरेंद्र प्रताप सिंह, रामसूरत राय, रामप्रीत पासवान, जीवेश मिश्रा, मुकेश सहनी और संतोष मांझी शामिल हैं। 

02:09 PM, 16-Nov-2020

जदयू, भाजपा, हम और वीआईपी की तरफ से ये नेता ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

जदयू की तरफ से विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, अशोक चौधरी, मेवालाल चौधरी और शीला कुमारी के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। भाजपा की तरफ से तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, अमरेंद्र प्रताप सिंह, मंगल पांडेय, रामसूरत राय, रामप्रीत पासवान, जीवेश मिश्रा शपथ ले सकते हैं। वहीं, वीआईपी की तरफ से मुकेश सहनी और हम की तरफ से संतोष मांझी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। 

01:57 PM, 16-Nov-2020

नीतीश के खिलाफ है जनादेश, बिहार जल्द खोज लेगा अपना विकल्प: मनोज झा 

राजद के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने बिहार चुनाव नतीजों को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। राजद नेता ने कहा कि जनादेश मुख्यमंत्री नीतीश के खिलाफ था और बिहार को जल्द इसका विकल्प मिलेगा, जो सहज होगा। 

मनोज झा ने विधानसभा चुनाव में जदयू की कमजोर स्थिति के बावजूद नीतीश को नेतृत्व सौंपने की तैयारी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 40 सीटें पाकर कोई कैसे मुख्यमंत्री बन सकता है। चुनाव में नीतीश को बुरी तरह हार मिली है और उन्हें खुद इस बारे में सोचना चाहिए था। 

01:47 PM, 16-Nov-2020

राजद जनादेश का सम्मान करे: गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कहा है कि राजद को जनादेश का सम्मान करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों द्वारा दिए गए जनादेश का नेताओं को सम्मान करना चाहिए। बिहार के लोगों को यह जनादेश एनडीए के विकास कार्यों के पक्ष में है और जंगलराज को लौटाने से रोकने के लिए लोगों ने ऐसा किया है। 

01:37 PM, 16-Nov-2020

कांग्रेस ने नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण का बायकॉट किया

कांग्रेस ने नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह का बायकॉट किया है। कांग्रेस का कहना है कि एनडीए ने जनमत की चोरी की है और इसके बूते सरकार का गठन किया जा रहा है। इससे पहले राजद ने भी शपथ ग्रहण का बायकॉट किया। 

01:29 PM, 16-Nov-2020

शिवानंद तिवारी को टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए: कांग्रेस

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा, शिवानंद तिवारी वरिष्ठ नेता हैं और इस तरह की टिप्पणी करने से पहले उन्हें सोचना चाहिए। कांग्रेस राजद नहीं है। राजद एक क्षेत्रीय पार्टी है और उसके नेता बिहार तक ही सीमित हैं। राहुल गांधी ने कहा था कि जब भी जरूरत होगी वह बिहार आएंगे और उन्होंने ऐसा किया। वह राजद के नेताओं की तरह काम नहीं कर सकते। 
 
 

01:21 PM, 16-Nov-2020

नीतीश से मिलने पहुंचे तारकिशोर और भूपेंद्र यादव

शपथ ग्रहण से पहले तारकिशोर प्रसाद और भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव नीतीश कुमार से मिलने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे हैं। यहां पर सीएम संग उनकी बैठक चल रही है। बता दें कि भूपेंद्र यादव मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नामों को लेकर अहम रोल निभा रहे हैं। 

01:10 PM, 16-Nov-2020

इन्हें दिलवाई जा सकती है शपथ

सूत्रों ने बताया है कि नीतीश कुमार के अलावा जदयू के बिजेंद्र प्रसाद यादव, वीआईपी से मुकेश सहनी, हम प्रमुख जीतन राम मांझी के बेटे और एमएलसी डॉ. संतोष सुमन मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। भाजपा के तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी भी मंत्री पद की शपथ ले सकती हैं। इन नेताओं के अलावा, प्रेम कुमार और मंगल पांडेय का शपथ लेने का रास्ता साफ दिखाई दे रहा है। वहीं, जदयू से नरेंद्र नारायण यादव, श्रवण कुमार, महेश्वर हजारी भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। 

01:02 PM, 16-Nov-2020

मुकेश सहनी बनेंगे मंत्री

वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर दी। 
 

12:55 PM, 16-Nov-2020

ये नीतीश की अंत का समारोह

राजद बिहार में बनने वाली नई सरकार के शपथ समारोह का वहिष्कार किया। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा ये अवैध सरकार है, जनादेश तो मेरे पास है फिर सवाल कहां है समारोह का। ये नीतीश की अंत का समारोह है।

12:49 PM, 16-Nov-2020

भाई बड़ी जिम्मेदारी दे रहे हैं: रेणु देवी

रेणु देवी ने कहा है कि आज का दिन बहुत शुभ है। भाई बड़ी जिम्मेदारी दे रहे हैं। सुशील मोदी मेरे अभिभावक की तरह हैं। 

12:40 PM, 16-Nov-2020

बिहार ने नीतीश को किया खारिज, लेकिन फिर भी ले रहे हैं शपथ: मनोज झा

राजद नेता मनोज झा ने कहा, नीतीश कुमार जी आज सातवीं बार शपथ लेंगे। लेकिन बिहार ने नीतीश जी को बिल्कुल खारिज कर दिया है उन्हें सिर्फ 40 सीट मिला है। इसके बावजूद उनका जमीर कैसे गवारा कर रहा कि वो फिर से शपथ ले रहे हैं। वो आज शपथ ले रहे हैं लेकिन कल से सवाल उठेंगे नौकरी, समान काम समान वेतन। 
 

 

12:28 PM, 16-Nov-2020

शिवानंद तिवारी का बयान उनकी निजी राय: मनोज झा

राजद नेता शिवानंद तिवारी पिकनिक वाली टिप्पणी पर पार्टी नेता मनोज झा ने कहा, यह उनकी निजी राय है और पार्टी का रुख ऐसा नहीं है। किसी भी विश्लेषण के लिए एक उचित समय और स्थान है जो यह पहचानने के लिए किया जाएगा कि हमारे पास सहयोग और तालमेल में कहां कमी थी। 
 
 

12:14 PM, 16-Nov-2020

अधिकतम 36 बन सकते हैं मंत्री

नियमों के अनुसार, बिहार सरकार के कैबिनेट में मंत्रियों की अधिकतम संख्या 36 से ज्यादा नहीं हो सकती है, क्योंकि कैबिनेट का आकार विधानसभा की कुल सीटों का केवल 15 फीसदी हो सकता है। बिहार विधानसभा में कुल सीटों की संख्या 243 है।  

11:59 AM, 16-Nov-2020

राजद ने कहा- शपथ ग्रहण का बायकॉट करते हैं

शपथ ग्रहण से पहले राजद ने ट्वीट कर कहा, राजद शपथ ग्रहण का बायकॉट करती है। बदलाव का जनादेश एनडीए के विरुद्ध है। जनादेश को 'शासनादेश' से बदल दिया गया। बिहार के बेरोजगारों, किसानो, संविदाकर्मियों, नियोजित शिक्षकों से पूछे कि उनपर क्या गुजर रही है। एनडीए के फर्ज़ीवाड़े से जनता आक्रोशित है। हम जनप्रतिनिधि है और जनता के साथ खड़े है।
 

 

11:49 AM, 16-Nov-2020

मंत्री पद के लिए यह है फॉर्मूला

एनडीए नेताओं के अनुसार, सहयोगी दलों को मंत्री पद का आवंटन पार्टी द्वारा जीती गई हर सात सीटों के लिए दो बर्थ आवंटित करने के फार्मूले पर किया जा रहा है। इस आधार पर, जदयू को 14 मंत्री पद मिल सकते हैं। वहीं, भाजपा के खाते में 20 मंत्री पद आ सकते हैं। 

11:39 AM, 16-Nov-2020

जदयू के 12 व भाजपा के 18 मंत्री होंगे

सूत्रों ने बताया है कि 43 विधायकों वाली जदयू को 12 मंत्री पद मिल सकते हैं। भाजपा के पास 74 विधायक हैं, इसलिए उसे 18 मंत्री पद मिल सकते हैं। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है। बताया गया है कि आने वाले दिनों में मंत्रियों की संख्या बढ़ भी सकती है।  

11:30 AM, 16-Nov-2020

रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद ले सकते हैं डिप्टी सीएम के रूप में शपथ

भाजपा की रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद के डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेने की संभावना है।

11:13 AM, 16-Nov-2020

शपथ ग्रहण समारोह में तेजस्वी नहीं होंगे शामिल

नीतीश कुमार सोमवार शाम पटना में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बताया गया है कि शपथ ग्रहण समारोह में राजद नेता तेजस्वी यादव शामिल नहीं होंगे। मिली जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव दिल्ली में हैं। वह दिवाली की शाम को ही दिल्ली चले गए थे। इस कारण वह शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे। 

11:06 AM, 16-Nov-2020

उपमुख्यमंत्री के सवाल पर रेणु देवी ने कहा, यह एक बड़ी जिम्मेदारी है

भाजपा नेता रेणु देवी से जब यह पूछा गया कि क्या वह बिहार की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी तो उन्होंने कहा, यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। अगर लोगों ने हमें चुना और एनडीए पर भरोसा किया, तो हम उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेंगे।
 

 

10:59 AM, 16-Nov-2020

शपथ ग्रहण से पहले राजद का नीतीश पर तंज

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण से पहले राजद ने उनपर हमला बोलना शुरू कर दिया है। सोमवार को राजद ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया, तीसरे दर्जे की पार्टी होने और थकने के कारण मैं मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता था लेकिन भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने मेरे पैर पकड़ लिए, रोने लगे, गिड़गिड़ाने लगे। मैं ठहरा कोमल हृदय का कुर्सीवादी अंतर्यामी भिक्षुक, उन लोगों के आग्रह ने मेरे हृदय को पिघला दिया। मैं उन्हें नाराज कैसे करता?
 
 

10:47 AM, 16-Nov-2020

तारकिशोर और रेणु देवी हो सकते हैं बिहार के उपमुख्यमंत्री

भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि ऐसे संकेत हैं कि रेणु जी (भाजपा नेता रेणु देवी) और मैं बिहार के उपमुख्यमंत्रियों के रूप में शपथ लेंगे। 
 

 

10:40 AM, 16-Nov-2020

शपथ ग्रहण के बीच जदयू की राजद से अपील- कटुता को करें समाप्त

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के बीच जदयू नेता डॉ अजय आलोक ने ट्वीट कर कहा, अब चुनाव खत्म हो गए हैं तो मैं अपने राजद के मित्रों से और तेजस्वी यादव से कहता हूं की आपने बहुत अच्छी लड़ाई लड़ी लेकिन अब जनादेश का सम्मान करते हुए सकारात्मक विपक्ष की भूमिका में सरकार का सहयोग करें ताकि बिहार को विकसित प्रदेश बनाने में आपकी भूमिका सराहनीय रहे , कटुता की समाप्ति। 
 
 

10:02 AM, 16-Nov-2020

नंद किशोर यादव हो सकते हैं विधानसभा स्पीकर

भारतीय जनता पार्टी के नेता नंद किशोर यादव बिहार विधानसभा के स्पीकर हो सकते हैं। यादव ने पटना साहिब विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। वह पिछली नीतीश कुमार सरकार में मंत्री थे।
 

09:55 AM, 16-Nov-2020

अमित शाह शपथ ग्रहण में होंगे शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। इसके लिए वह सोमवार को पटना पहुंचेंगे। नीतीश कुमार लगातार चौथी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। 
 

 

09:54 AM, 16-Nov-2020

जेपी नड्डा होंगे शपथ ग्रहण में शामिल

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज पटना में जदयू प्रमुख और बिहार के निवर्तमान सीएम नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। नीतीश ने रविवार शाम राज्यपाल फागु चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। 
 
 

09:52 AM, 16-Nov-2020

बिहारः तेजप्रताप ने कहा- नीतीश जी आशा करता हूं उद्घाटन से पहले अब कोई पुल नहीं टूटेगा

बिहार चुनाव में एनडीए गठबंधन को 125 सीटों के साथ बहुमत मिला है। इसके बाद से ही सरकार गठन को लेकर माथापच्ची शुरू हो गई है। रविवार को हुई एनडीए विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को दल का नेता चुना गया। इस तरह नीतीश कुमार सोमवार को शाम 4.30 बजे मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। वह लगातार चौथी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश के साथ आठ विधायक भी शपथ ले सकते हैं। नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें