बिहार सरकार ने सांप्रदायिक दंगों से प्रभावित हुए राज्य के समस्तीपुर जिल में स्थित गुदरी मस्जिद और जियाल-उलुम मदरसे की मरम्मत के लिए 2 लाख रुपए आवंटित किए हैं। गृह मंत्रालय जिसका कार्यभार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास है उन्होंने 2,13,700 रुपए मरम्मत कार्य के लिए आवंटित किए हैं। इन दोनों के ही इंफ्रास्ट्रक्चर को दंगों की वजह से नुकसान पहुंचाया गया था।
हाल ही में सरकार ने औरंगाबाद में रामनवमी के दौरान निकाले गए जुलूस में जिन लोगों की दुकानों को आग लगा दी गई थी, उन्हें 25 लाख रुपए का मुआवजा दिया है। इसी तरह की व्यवस्था नवादा जिले के लोगों के लिए की गई है। नवादा में 6 दुकानों को आग लगा दी गई थी जिसके लिए 8.5 लाख रुपए जारी किए गए हैं। राम नवमी के मौके पर भागलपुर और औरंगाबाद में दंगे हो गए थे। नवादा में हनुमान की मूर्ति को तोड़ने के बाद दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई थी।
गुरुवार को नीतीश कुमार ने शराबबंदी को लेकर बयान देते हुए कहा कि उन्हें वोट की नहीं बल्कि वोटरों की चिंता है। विपक्ष लगातार उनपर शराबबंदी को लेकर निशाना साधता रहा है। इसपर उन्होंने कहा कि अगर हमसे गुस्सा हैं तो मुझे बर्बाद कर दीजिए, लेकिन शराबबंदी का विरोध तो मत कीजिए। विपक्ष पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा- कुछ लोग गरीबों के हिमायती बनते हैं और गरीबों के खिलाफ ही अभियान चलाते हैं। शराब से सबसे ज्यादा प्रभावित केवल गरीब ही होते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज को बदलने के लिए शराबबंदी का साथ दीजिए और धंधेबाजों को पकड़वाइए। किसी को डरने की जरूरत नहीं है।