राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेजप्रताप की शादी अगले महीने हो सकती है और बताया जा रहा है कि उनकी शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर हो सकती है।
बिहार के पूर्व सीएम दरोगा राय के बेटे चंद्रिका राय की बेटी तेजप्रताप की जीवन साथी बन सकती हैं। बता दें कि चंद्रिका राय पूर्व मंत्री है और फिलहाल वे परसा विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी के विधायक हैं। दरोगा राय 16 फरवरी 1970 से 22 दिसंबर 1970 तक राज्य के मुख्यमंत्री थे।
तेज प्रताप अपनी शादी को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहे हैं। शादी को लेकर उनकी बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी से बहस खबरों में रही थी। सुशील कुमार मोदी ने कहा था कि वह लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव के लिए दुल्हन ढूंढने को तैयार हैं, लेकिन इसके लिए उन्होंने तीन शर्त रखी।
सुशील ने ट्वीट किया, मैं तेज प्रताप के लिए दुल्हन ढूंढने को तैयार हूं लेकिन मेरी तीन शर्तें हैं, पहली कि वह दहेज नहीं लेंगे, अंग दान करने की शपथ खानी होगी और कसम खाएंगे कि वह कभी किसी की शादी में बाधा डालने की धमकी नहीं देंगे। यहां सुशील ने तेज प्रताप यादव द्वारा दी गई धमकी का जिक्र किया था।
उत्कर्ष की शादी से पहले तेज प्रताप यादव ने सुशील कुमार मोदी को घर में घुसकर मारने की धमकी दी थी। तेज प्रताप ने कहा था, ''हमारी लड़ाई जारी रहेगी हम डरने वाले नहीं हैं, उनके घर में घुस के मारेंगे। अगर मैं उनके बेटे की शादी में गया तो उनकी पोल खोल दूंगा।"