नाव पलटने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर स्थित नवगछिया के राघोपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान मजदूरों से भरी नाव पलटने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नाव हादसे के समय नाव पर 21 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। इनमें से 19 लोगों को SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सिकंदर मंडल और बादल मंडल अब भी लापता हैं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचीं भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने पूरे मामले की जानकारी ली। डीएम ने फ्लड फाइटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जल संसाधन विभाग को संबंधित ठेकेदारों और वेंडर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने कहा कि नाव पर सवार मजदूरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और उसे पहनाने के निर्देश पहले ही दिए गए थे, लेकिन इसमें कहीं न कहीं चूक हुई है। इसी लापरवाही को हादसे की वजह मानते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने अब फ्लड फाइटिंग के काम में नाव के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है। कटाव स्थल तक जियो बैग पहुंचाने के लिए अब सिर्फ ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही काम के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।