मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है
- फोटो : अमर उजाला
वैशाली जिले के बरांटी थानाक्षेत्र में बच्चा खरीद-बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई कर पुलिस ने बच्चे के माता-पिता सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की और सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बरांटी गांव के निवासी घनश्याम कुमार और उसकी पत्नी रीना देवी उर्फ पिंकी देवी ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके दो बेटों को राजापाकर थानाक्षेत्र के अहमदपुर बरियारपुर गांव के निवासी विरेंद्र राय ने पैसे के बदले अपहरण कर लिया है। पुलिस को जब इस बात पर संदेह हुआ, तो उन्होंने महिला को थाने में बैठाकर आरोपी के घर छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने वीरेंद्र राय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि रीना देवी ने अपने बेटे को 80 हजार रुपये में वीरेंद्र राय को बेच दिया था।
पुलिस ने आगे की जांच कर नोएडा से बच्चे को बरामद कर लिया। इस सिंडिकेट में शामिल रीना देवी, घनश्याम कुमार, विरेंद्र राय के अलावा संजू देवी, मिंता देवी, सहादन सिंह और विकास राय को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि रीना देवी पहले भी एक बच्चे को एक लाख रुपये में बेच चुकी थी।
बरांटी थाना के थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।