वैशाली जिला के जंदाहा-पटोरी मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की ठोकर से एक 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान महिंदवारा पंचायत के प्रमोद चौधरी के पुत्र छोटू (14) के रूप में हुई है।
बताया गया कि छोटू अपने घर के बाहर लघुशंका कर रहा था, तभी तीन युवकों की सवार तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। ठोकर लगते ही किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और जंदाहा-पटोरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जंदाहा थाना पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।