मोतिहारी शहर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस गुरुवार को उस वक्त सनसनी में डूब गया, जब एक छात्रा का शव उसके बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान रिमी कुमारी के रूप में हुई है, जो कॉलेज में पांचवीं सेमेस्टर की छात्रा थी। घटना के बाद पूरे कैंपस में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
काफी देर तक नहीं खुला दरवाजा
जानकारी के अनुसार, रिमी अपने कमरे में अकेली थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर सहपाठियों को शक हुआ। मामले की सूचना कॉलेज प्रशासन को दी गई।
दरवाजा खुलते ही सन्न रह गए लोग
जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। छात्रा का शव फंदे से झूल रहा था। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने आनन-फानन में छात्रा को नीचे उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और छात्रों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना और नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली है तथा छात्रा के सहपाठियों और कॉलेज कर्मियों से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें:
ड्यूटी पर जा रहे युवक को तेज रफ्तार बस ने रौंदा, भाग रहे ड्राइवर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
मौत के कारणों पर सस्पेंस
हालांकि, मौत के कारणों को लेकर फिलहाल कोई भी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।