सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया
- फोटो : Amar Ujala
सीतामढ़ी जिले के नगर थाना क्षेत्र के पीली कुटी रिंग बांध इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को कथित छेड़खानी के आरोप में पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, युवक को सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए जमीन पर थूक चटवाया गया और पैर पकड़ने पर मजबूर किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राठौर सर पर लगे गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पूरे मामले में रिंग बांध इलाके में कंसलटेंसी चलाने वाले ‘राठौर सर’ नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि वह पहले ‘राठौर मैथमेटिक्स’ नाम से निजी कोचिंग संस्थान भी चलाते थे। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति युवक को गालियां देते हुए और खुद सजा सुनाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार जारी रहता है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें-
‘वेतन-भत्तों के लिए आए हैं तो पान की दुकान खोल लें’, पुलिस अकादमी में डीजीपी विनय कुमार का बड़ा संदेश
किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं
इस संबंध में सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर कोई आरोप है, तो उसके लिए कानूनी प्रक्रिया मौजूद है। पुलिस वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर रही है और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि समाज में इस तरह की अराजकता और भीड़तंत्र को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।