सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। रीगा थाना क्षेत्र के सिंघोरवा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में शिवहर जिले के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे आम के बगीचे
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान शिवहर नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर–11 शंकर चौक निवासी 31 वर्षीय श्री भगवान पासवान और 50 वर्षीय पुकार राय के रूप में हुई है। हादसे में 62 वर्षीय होरिल राय गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जो शिवहर के ही निवासी बताए जा रहे हैं। बताया गया कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघोरवा गांव स्थित एक आम के बगीचे में दवा का छिड़काव करने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई।
पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में गिरे तीनों सवार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार उछलकर सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर पड़े। हादसे के बाद घटनास्थल पर ही श्री भगवान पासवान और पुकार राय की मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रीगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पढ़ें- Bihar News: छापामारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर पथराव, छह पुलिसकर्मी घायल; यह 24 घंटे में दूसरा हमला
घायल को सदर अस्पताल से एसकेएमसीएच किया गया रेफर
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल होरिल राय को पहले सीतामढ़ी सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एसकेएमसीएच, रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की सूचना जैसे ही शिवहर के शंकर चौक पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विशेष रूप से श्री भगवान पासवान के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके चार पुत्रियां और एक दूधमुंहा बच्चा है, जिनके भविष्य को लेकर परिजन गहरे सदमे में हैं। हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक हादसे को याद कर स्तब्ध हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।