अस्पताल के बाहर खड़े मृतका के परिजन तथा स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के सीतामढ़ी शहर के आनंदी प्रकाश हॉस्पिटल नामक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत पर जमकर बवाल हो गया। घटना के बाद मरीज के परिजनों ने क्लिनिक के गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ भी की। इस दौरान परिजनों का आक्रोश देखकर डॉक्टर और कर्मी क्लिनिक छोड़कर फरार हो गए। यह घटना शहर के हॉस्पिटल रोड की है। मृतका की पहचान जिले सहियारा थाना क्षेत्र के छौरहिया निवासी दशरथ साह की पत्नी सोनी देवी के रूप में की गई है।
मामूली दिक्कत के कारण कराया था भर्ती
परिजन ने बताया कि पैर में मामूली दिक्कत को लेकर दो दिन पहले सोनी देवी को हॉस्पिटल रोड स्थित निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के नाम पर गलत सूई लगा दी गई, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान हम लोगों ने कई बार मरीज को बेचैनी होने की शिकायत की, लेकिन कोई कुछ नहीं सुन रहा था। वही, हंगामा की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया।
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि सोनी देवी के शव का पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने इनकार कर दिया। पोस्टमार्टम होता तो सच्चाई सामने आती। फिलहाल परिवार ने प्राथमिकी के लिए कोई आवेदन नहीं दिया है।
फर्जी तरीके से चल रहे कई क्लिनिक
गौरतलब है कि विगत एक सप्ताह के अंदर अस्पताल रोड स्थित अलग-अलग निजी क्लिनिक में मरीज की मौत के बाद दूसरी बार हंगामा हुआ है। दोनों ही बार परिजन ने गलत इलाज का आरोप लगाया है। हालांकि दोनों ही बार अब तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई, जिससे पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल रोड पर दर्जनों फर्जी क्लिनिक चल रहे हैं। लगातार अस्पातल रोड पर स्थित क्लिनिक्स में मरीजों की गलत इलाज और ऑपरेशन से मौत हो रही है, लेकिन जिला प्रशासन कुछ नहीं कर पा रहा है। वहीं, सिविल सर्जन कृष्णकांत झा ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन क्लिनिक का संचालन करना गैरकानूनी है। जांच कर क्लिनिक के ऊपर कार्रवाई करने का आदेश दे दिया गया है।