बिहार के वैशाली जिले के वैशाली थाना क्षेत्र के सिमरा घाट पर सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए घाट पर गए सात युवक अचानक नदी में डूब गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इसके बाद इस घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई। वहीं, मौके पर स्थानीय लोगों की मदद से पांच युवकों को नदी से बाहर निकाल लिया गया। जबकि, दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। इसके बाद घाट पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
मृतकों की पहचान वैशाली प्रखंड पंचायत दाउदनगर ग्राम चांदनी चौक निवासी कमल पासवान के बेटे संजीत कुमार (17) और नथुनी दास के बेटे राहुल कुमार (18) के रूप में हुई है। वैशाली थाना पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कवायद में जुट गई है। दोनों युवकों की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, सभी युवक एक साथ मूर्ति को लेकर विसर्जन करने नदी में चले गए थे। लेकिन अचानक मूर्ति पानी में अनियंत्रित हो गई। इसके बाद सभी मूर्ति के नीचे चले गए। दरअसल, मूर्ति को विसर्जित करने के लिए सभी युवक गहरे पानी में चले गए थे। उनमें से स्थानीय लोगों की मदद से पांच लोगों को निकाल लिया गया। लेकिन लोग दो युवकों को निकालने में असफल रहे, इस कारण से दोनों की डूबने से मौत हो गई।
वहीं, स्थानीय लोगों और स्थानीय मछुआरों के सहयोग से दोनों युवक के शवों को बाहर निकाल लिया गया। युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद दोनों के परिवारों में मातम छा गया। गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने मूर्ति विसर्जन और पूजा के लिए जिले में व्यापक तैयारी भी की थी। लेकिन इसी बीच वैशाली में दर्दनाक घटना घट गई।