पुलिस गिरफ्तारी वारंट मिलने का इंतजार कर रही है
- फोटो : अमर उजाला
मुजफरपुर में नीट परीक्षा के दौरान मालीघाट स्थित एक निजी स्कूल के सेंटर से स्कॉलर हुकमा राम और परीक्षार्थी राज पांडेय फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी वारंट का ऑर्डर मिलते ही एक बार फिर से पुलिस प्रयागराज और बाड़मेर जाएगी। इसके लिए पुलिस ने कोर्ट में अर्जी दाखिल की है।
जानकारी के मुताबिक, जोधपुर और प्रयागराज से आरोपियों के नाम-पते का सत्यापन करके लौटने के बाद मिठनपुरा थाना पुलिस ने वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी है। केस के आईओ पीएसआइ मिथुन कुमार की ओर से यह आवेदन दाखिल किया गया है। इसके साथ ही पुलिस इस मामले में प्रयागराज में एक्टिव सॉल्वर गैंग की तलाश करेगी। इसके लिए पुलिस राज पांडेय और उसके पिता ऑर्थो चिकित्सक आर पांडेय के बैंक खाते को खंगाल रही है। वहीं, अब तक की जांच के बाद कोर्ट से वारंट की अर्जी पर स्वीकृति जल्द ही मिलने के बाद इश्तिहार से लेकर कुर्की तक की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में अब तक सभी आरोपी फरार हैं। इधर, पुलिस स्कॉलर हुकमा राम और उसके पिता व दोस्त समेत उसके कई करीबियों के मोबाइल कॉल डिटेल्स रिपोर्ट खंगाल रही है। इस मामले में स्कॉलर हुकमा राम किस सॉल्वर गैंग से जुड़ा हुआ था, उस गैंग के पूरे नेक्सस को मिठनपुरा थाना पुलिस ट्रेस करने में जुटी हुई है।
सिटी एसपी अवधेश सरोज दीक्षित पूरी जांच प्रक्रिया की मॉनिटरिंग कर रही हैं। जोधपुर और इलाहाबाद से जांच कर लौटी पुलिस टीम ने सिटी एसपी को अपनी पूरी जांच रिपोर्ट सौंपी थी। गौरतलब है कि बीते पांच मई को जोधपुर एम्स का परीक्षार्थी हुकमा राम इलाहाबाद के डॉक्टर के बेटे राज पांडे की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। इसके लिए उसे चार लाख रुपये मिलने थे।