मुजफ्फरपुर जिले में चोरों ने बिजली विभाग को खुली चुनौती दे डाली है। आंधी, बारिश और तेज हवा के बीच चोरों ने मुशहरी प्रखंड क्षेत्र के नरसिंहपुर पंचायत में 34 पोल पर लगे करीब तीन किलोमीटर लंबाई के 440 वोल्ट के हाईटेंशन तार काटकर चुरा लिए। इस बड़ी वारदात की विभाग को भनक तक नहीं लगी और जब तक ग्रामीणों ने आक्रोश जताया, तब तक चोर अपना काम करके निकल चुके थे।
यह घटना तब सामने आई जब एकाएक पंचायत के पंद्रह गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जब स्थानीय लोगों ने बिजली कटने की शिकायत की तो पहले तो विभाग ने इसे सामान्य तकनीकी गड़बड़ी बताया। लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी बिजली बहाल नहीं हुई, तब जाकर पूरे मामले की सच्चाई सामने आई।
यह भी पढ़ें- Bihar News: चलती ट्रेन के नीचे आई महिला, रेल पटरी पर कूदकर की खुदकुशी की कोशिश; लोको पायलट ने ऐसे बचाई जान
फीडर की ओर से की गई थी तार कटिंग
चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले चोर बेहद शातिर निकले। उन्होंने तार की कटिंग गांव की ओर से फीडर की ओर करते हुए की ताकि जब तक सप्लाई फीडर से आ रही हो, विभाग को इसका कोई शक न हो। इससे साफ होता है कि चोरों को न केवल तकनीकी जानकारी थी, बल्कि उन्होंने पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया।
पहले भी उड़ाए गए थे 19 पोल से तार
यह इलाका बिजली तार चोरी के लिए पहले भी चर्चा में आ चुका है। करीब पांच साल पहले भी इसी क्षेत्र में 19 पोल से बिजली के तार काट लिए गए थे। तब भी विभाग की ओर से कोई विशेष सतर्कता नहीं बरती गई थी। अब फिर से लगभग दोगुने पैमाने पर चोरी की इस घटना ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विभाग की शिथिलता पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीण और समाजसेवी मोहम्मद अलाम ने कहा कि इतनी बड़ी चोरी हो गई और विभाग को इसकी खबर तक नहीं हुई। अगर समय रहते बिजली कटने पर विभाग सक्रिय होता, तो शायद चोरों को पकड़ा भी जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि जब रात में लाइनमैन को फोन किया गया, तो उसने बताया कि बिजली चालू है। लेकिन जब कुछ घंटे बाद फिर से कॉल किया गया, तो उसका मोबाइल बंद मिला। बाद में जेई को सूचित किया गया, तब जाकर विभाग की नींद टूटी।
यह भी पढ़ें- Bihar News: सचिन पायलट ने सीएम नीतीश कुमार से इन मुद्दों पर मांगा जवाब, कहा- सरकार सिर्फ जुमलेबाजी करती है
फिलहाल तरॉरा फीडर से बहाल की गई बिजली
ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश और दबाव को देखते हुए विभाग ने फिलहाल तरॉरा फीडर से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी है, जिससे अस्थाई रूप से बिजली की समस्या का समाधान हुआ है। लेकिन जिस तरह से विभाग को इतनी बड़ी वारदात की जानकारी ही नहीं हो सकी, उससे विभाग की सतर्कता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।