पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थानाक्षेत्र स्थित तुर्की उच्च विद्यालय में एक छात्र की बुरी तरह पिटाई किए जाने का एक वीडियो वायरल हो गया है। इस घटना में छात्र को लाठी, डंडे और घूंसे से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कक्षा में कुछ छात्र एक दूसरे के साथ आपसी रंजिश के चलते पिटाई कर रहे हैं। इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए छात्र का नाम सौरव कुमार बताया जा रहा है, जो कि दसवीं कक्षा का छात्र था।
घटना की सूचना मिलने पर सौरव के परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। यह घटना स्कूल प्रशासन की लापरवाही की ओर इशारा करती है, जिसने छात्रों के बीच पिटाई को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।
घटना को लेकर मृतक छात्र के परिजनों में नाराजगी व्याप्त है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने छात्र की पिटाई के दौरान कोई भी हस्तक्षेप नहीं किया। इसके साथ ही वे आरोपी छात्रों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर दो आरोपी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सक्रिय रूप से जांच कर रही है और पीड़ित के परिजनों का बयान भी लिया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।