मुजफ्फरपुर में नारायणी ब्रिज पर ट्रक और पिकअप में जबरदस्त टक्कर, रेलिंग तोड़ नदी में गिरी पिकअप, एक की मौत, दो घायमुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में एनएच-722 स्थित रेवा रोड पुल पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। कोल्ड ड्रिंक से लदी एक ट्रक और सब्जी लदी पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंडक नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वैन में सवार दो लोगों में से चालक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, जबकि सहचालक की नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन की सहायता से नदी में गिरी पिकअप वैन को बाहर निकाला गया।
पढ़ें: हरनौत थाने में तैनात दरोगा ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर; पटना किया गया रेफर
मृतक की पहचान मोतीपुर निवासी के रूप में
मृतक की पहचान मोतीपुर बाजार स्थित पानी टंकी चौक निवासी रघुनाथ साह के 25 वर्षीय पुत्र पप्पू कुमार के रूप में हुई है। वह एक थोक सब्जी विक्रेता था और रोजाना पटना से सब्जी लाकर मोतीपुर सब्जी मंडी में बेचने का काम करता था। हादसे में घायल पिकअप चालक और ट्रक चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
सरैया थाना प्रभारी सुभाष मुखिया ने बताया कि ट्रक और पिकअप की टक्कर में पिकअप वैन नदी में गिर गई थी। एक की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। मृतक और घायलों की पहचान कर ली गई है। क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकाल लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।