Bihar: घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-2, सुरक्षा डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर हरनौत थाना का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया है और किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
नालंदा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां हरनौत थाना में पदस्थापित एक दरोगा ने खुद को गोली मार ली है। गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए पटना के पारस अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। आत्महत्या की कोशिश करने वाले दरोगा की पहचान रामपुकार यादव के रूप में हुई है, जो डायल 112 वाहन पर कार्यरत थे। उन्होंने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-2, सुरक्षा डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर हरनौत थाना का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया है और किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि एक पुलिसकर्मी ने आत्महत्या का प्रयास किया है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में दरोगा ने यह कदम उठाया।