देवों के देव महादेव को समर्पित श्रावणी मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग मेले को भव्य एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में जुट गया है। इसी क्रम में बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और भाजपा विधायक रंजन कुमार ने शनिवार को बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, कांवरिया पथ तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश दिए।
एक घंटे तक चला निरीक्षण
पर्यटन मंत्री ने करीब एक घंटे तक बाबा गरीबनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर निकास द्वार तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मक्खन शाह चौक, छाता बाजार चौक और प्रमुख मार्गों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों और अस्थायी बाधाओं को हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्नानघर और शौचालय निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
भव्य तोरण द्वार होगा आकर्षण का केंद्र
पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। मुजफ्फरपुर-वैशाली सीमा पर एक भव्य तोरण द्वार का निर्माण कराया जाएगा, जहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को यह संदेश मिलेगा कि वे बाबा गरीबनाथ की नगरी में प्रवेश कर रहे हैं। इसके अलावा मंदिर के दोनों ओर आकर्षक तोरण द्वार भी बनाए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
कांवरियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मंत्री ने कहा कि इस बार श्रावणी मेले को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पहलेजा घाट से लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर तक कांवरियों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें टेंट सिटी, विश्राम स्थल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और कांवरिया पथ पर अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार शामिल है। विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें-
Bihar: श्राद्ध के बाद गंगा स्नान करने गया था परिवार, घाट में डूबीं ननद-भाभी; एक का शव मिला, दूसरी लापता
पर्यटन को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार की कोशिश है कि राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास किया जाए और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और जल्द ही कई विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।
श्रद्धालुओं के लिए यादगार होगा श्रावणी मेला
प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष बाबा गरीबनाथ धाम में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रावणी मेला सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराया जा सके।