Bihar: आरोपी पुत्र छोटू सहनी का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान वह अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। यह देख वीणा देवी और उनके पति बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन रोकने पर आरोपी ने पास में रखी लाठी उठाकर अपने ही मां-बाप पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई के दौरान बीच-बचाव करने आए मां-बाप पर लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में मां की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र फरार हो गया।
मृतका की पहचान मदारीपुर कर्ण गांव निवासी चंद्रदेव सहनी की 42 वर्षीय पत्नी वीणा देवी के रूप में हुई है। जबकि घायल पति चंद्रदेव सहनी को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, आरोपी पुत्र छोटू सहनी का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान वह अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर रहा था। यह देख वीणा देवी और उनके पति बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन रोकने पर आरोपी ने पास में रखी लाठी उठाकर अपने ही मां-बाप पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में वीणा देवी की मौत हो गई जबकि चंद्रदेव सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर रामपुर हरि थाना प्रभारी शिवेंद्र नारायण सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह पूरी वारदात पारिवारिक विवाद का नतीजा है। आरोपी पुत्र छोटू सहनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।