जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के केशोपुर बलिया मुख्य मार्ग स्थित जगन्नाथपुर चौक पर सोमवार को दुकानदारों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। यह विवाद पेट्रोल लेने को लेकर हुआ, जो बाद में दुर्व्यवहार और मारपीट तक पहुंच गया।
ग्रामीणों और दुकानदारों का आरोप है कि किराना दुकानदार अमरेश कुमार राय से कुछ युवक पेट्रोल लेने आए थे। इस दौरान उनके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की गई। जब अमरेश इस मामले की शिकायत करने थाने जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोककर मारपीट की और सिर पर हमला कर दिया। घायल अमरेश ने घर आकर घटना की जानकारी ग्रामीणों और दुकानदारों को दी, जिसके बाद सभी ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
जाम के दौरान दुकानदार और ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षित माहौल की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही कुढ़नी थाना प्रभारी पुनीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पढ़ें: तेजस्वी की सभा में भाजपा विधायक को दी थी गाली, पुलिस ने RJD नेता को किया गिरफ्तार
पीड़ित दुकानदार अमरेश कुमार राय ने बताया कि वह किराने की दुकान के साथ पेट्रोल भी खुदरा में बेचते हैं। इसी दौरान कुछ युवक आए और पेट्रोल लेने के बाद दुर्व्यवहार करने लगे। फिर शिकायत करने पर रास्ते में हमला कर जख्मी कर दिया।
थाना प्रभारी पुनीत कुमार ने बताया कि पेट्रोल को लेकर दुकानदार और ग्राहकों के बीच विवाद हुआ था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल स्थिति शांत है और धरना-प्रदर्शन खत्म करा दिया गया है।