फ्रेंच बॉक्सिंग में भारत का दबदबा
- फोटो : अमर उजाला
उजबेकिस्तान के ताशकंद स्थित यूनिवर्सल स्पोर्ट्स इंडोर स्टेडियम में 23 से 28 जुलाई तक आयोजित सवात फ्रेंच बॉक्सिंग वर्ल्ड कप-2025 में भारतीय टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 4 पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता में दुनिया के 40 से अधिक देशों के चैंपियन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, और भारत ने पहली बार इस विश्व कप में भाग लेकर शानदार उपस्थिति दर्ज कराई।
भारतीय टीम में कुल 5 बॉक्सर शामिल थे, जिनमें से 4 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इनमें बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के यश राज ने -85 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक, प्रियम कर्ण ने -48 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक, वैशाली की स्वीटी कुमारी ने -56 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक और हिमाचल प्रदेश के वरुण वालिया ने -48 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
भारतीय टीम के मुख्य कोच शिहान ई. राहुल श्रीवास्तव ने इस सफलता को अत्यंत भावुक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यकीन नहीं हो रहा कि भारत ने पहली ही बार में चार-चार पदक जीत लिए। यह सिर्फ हमारी या खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे भारत और तिरंगे की जीत है। हम इस दिन का पिछले 20 वर्षों से इंतजार कर रहे थे। मैं खुद एक खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन मुझे यह मंच नहीं मिल सका। आज कोच के तौर पर चार पदक देश को दिलाकर सपना पूरा हो गया।
पढ़ें: देवघर न जाने की बात पर आहत होकर छात्रा ने की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम; जानें पूरा मामला
उन्होंने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार सरकार और भारत सरकार सवात खेल को उचित मान्यता दें। यह खेल उज्बेकिस्तान की ओलंपिक समिति और खेल मंत्रालय में मान्यता प्राप्त है, और कई अन्य देशों में भी इसे आधिकारिक दर्जा प्राप्त है। उन्होंने मांग की कि सवात को बिहार सरकार के खेल कैलेंडर में भी शामिल किया जाए ताकि खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग और सम्मान मिल सके।
कोच श्रीवास्तव ने बताया कि पदक विजेता खिलाड़ी 29 जुलाई को पटना लौटेंगे। उनके स्वागत के लिए पटना एयरपोर्ट से लेकर मुजफ्फरपुर स्थित उनके प्रशिक्षण केंद्र ‘रास वर्ल्ड मार्शल आर्ट्स’ तक 20 से अधिक स्वागत बिंदु बनाए गए हैं। स्थानीय खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों में खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर भारी उत्साह है।